सिमरिया को विश्व पर्यटन स्थल बनने से लोगों को मिलेंगे रोजगार के अवसर: करूनानिधि प्रसाद आर्या
सिमरिया घाट स्थित सरकारी धर्मशाला के प्रांगण में विश्व पर्यटन दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। शनिवार को सिमरिया घाट स्थित सरकारी धर्मशाला के प्रांगण में विश्व पर्यटन दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार की ओर से विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता स्थानीय राजस्व अधिकारी राम विनोद कुमार ठाकुर ने की। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव न्यायाधीश करूनानिधि प्रसाद आर्या ने कहा कि सिमरिया विश्व पर्यटन स्थल बनने की ओर अग्रसर है।सरकार एवं लोगों के प्रयास से सिमरिया गंगा तट का काफी विकास हुआ है। सरकार इस प्रयास में लगी हुई है कि यहां अधिक से अधिक सुख सुविधाओं की व्यवस्था आमलोगों को मिले। क्योंकि हर वर्ष यहां कल्पवास का मेला भी होता है। यहां दूर-दूर से श्रद्धालु आते हैं। खासकर दूसरे देशों से भी लोग सिमरिया गंगा स्नान करने के लिए आते हैं। सिमरिया गंगा तट को विश्व पर्यटन स्थल बनने से लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे। उन्होंने लोगों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार के द्वारा चलाए जा रहे नालसा के विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं और आगामी 13 दिसंबर को होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के बारे में भी विस्तृत जानकारी दी गई। इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार के पैनल अधिवक्ता सुबोध कुमार झा नेकहा कि सिमरिया गंगा तट पर कई दशकों से कार्तिक महीने में गंगा महाआरती का आयोजन किया जाता है। मौके पर पीएलवी पिंकी कुमारी ने भी लोगों को नालसा, बालसा एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के बारे में विस्तृत रूप से बताया। कार्यक्रम में सहायक इंद्रसेन शर्मा, शैलेश कुमार, प्रभात कुमार सिन्हा ने भी अपने विचार रखे। मौके पर थर्ड जेंडर एवं पीएलवी बबली कुमारी भी थी।




