मिलावटी मिठाइयों और घी पर रोक लगाने की मांग को लेकर वीआईपी का विरोध प्रदर्शन
रक्षाबंधन पर बाजार में खुलेआम बिक रही मिलावटी मिठाइयां और घी
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। रक्षाबंधन के अवसर पर बेगूसराय बाजार में बिकने वाली मिलावटी मिठाइयों और घी पर रोक लगाने तथा मिलावटखोर दुकानदारों पर छापेमारी की मांग को लेकर विकासशील इंसान पार्टी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने आज शुक्रवार को वीर कुंवर सिंह चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। फूड इंस्पेक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की। आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए विकासशील इंसान पार्टी युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष समीर सिंह चौहान ने कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर बेगूसराय बाजार मिलावटी मिठाइयों से भरा पड़ा है। जिले के फूड इंस्पेक्टर कुंभकरण की नींद में सोए हुए हैं। त्योहार के अवसर पर जब दूध का उत्पादन नहीं बढ़ता है तो मिठाइयों का उत्पादन कैसे बढ़ जाता है? मिलावटी मिठाई और मिलावटी घी लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहे हैं। इन मिठाइयों का उपयोग कर लोग लिवर व किडनी की गंभीर बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं। हम लोगों के आंदोलन के दबाव पर कभी मिलावटी मिठाई दुकानदारों पर छापेमारी होती भी है तो फूड सैंपल की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की जाती। हम लोग युद्ध स्तर पर मिलावटी मिठाई और मिलावटी घी बेचने वाले दुकानदारों पर छापेमारी करने की मांग करते हैं। जिससे बेगूसराय के निवासियों का स्वास्थ्य सुरक्षित रह सके। मौके पर अनिल पासवान, अखिलेश साहनी, मोहम्मद जब्बार, मोहम्मद सत्तार, सुरेश महतो, चंदन सिन्हा के साथ अन्य लोग उपस्थित थे।



