नीट परीक्षा में 47 छात्र अनुपस्थित
-24 घंटे में सबूत के साथ हाजिर होने का अल्टीमेटम
भारत पोस्ट संवाददाता
पटना। राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा के दौरान शत.प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग के निर्देशों के बावजूद पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में 47 एमबीबीएस एवं पीजी छात्र अनुपस्थित पाए गए। अब कॉलेज प्रशासन ने इन सभी छात्रों से 24 घंटे के भीतर सबूत के साथ उपस्थित होने का अल्टीमेटम जारी किया है।
प्रशासन के अनुसार नीट परीक्षा में अनुपस्थित पाए गए 47 छात्रों में से 10 छात्रों ने पहले ही शादी, स्वयं की बीमारी या परिवार में बीमारी जैसी वजहों की सूचना दी थी। वहीं 37 छात्र बिना किसी पूर्व सूचना के गायब पाए गए, जिससे प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
पीएमसीएच के प्रिंसिपल के ओएसडी डॉ. सुनील परमार ने बताया कि बिना सूचना अनुपस्थित रहने वाले छात्रों से स्पष्टीकरण मांगा जाएगा। उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर उपस्थिति और दस्तावेज प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है। जानकारी के अनुसार अनुपस्थित छात्रों में बैच 2022 के 18, 2023 के 15 और 2024 के 8 विद्यार्थी शामिल हैं. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी मामलों की विस्तृत जांच की जाएगी और रिपोर्ट राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग को भेजी जाएगी।
एनएमसी के निर्देशों के अनुसार मेडिकल कॉलेजों में नीट परीक्षा अवधि के दौरान एमबीबीएस और पीजी छात्रों की शत.प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य थी। इसके तहत सेमिनार, क्विज और अन्य शैक्षणिक गतिविधियां भी आयोजित की गई थीं। लेकिन इसके बावजूद कई छात्र अनुपस्थित पाए गए। एनएमसी प्रशासन ने कहा है कि अनुपस्थिति के कारणों की समीक्षा के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। पूरे मामले की रिपोर्ट राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग को भी भेजी जाएगी ताकि आवश्यक निर्णय लिया जा सके।

