हाईराइज बिल्डिंग में एसी फटने से लगी भीषण आग
-मुख्यमंत्री ने आग की घटना का जायज़ा लिया
हरप्रीत भट्टी
नोएडा। दिल्ली.एनसीआर में बढ़ती गर्मी के बीच एयर कंडीशनर फटने और उनमें शॉर्ट.सर्किट से आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। सोमवार को नोएडा के सेक्टर 119 स्थित अरण्य सोसाइटी में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक बहुमंज़िला इमारत की 22वीं मंज़िल पर स्थित एक फ्लैट में भीषण आग लग गई। शुरुआती जांच और रिपोर्ट के मुताबिक, यह हादसा एसी यूनिट में हुए एक जोरदार धमाके की वजह से हुआ। मौके पर छह दमकल गाड़ियां भेजी गईं और दमकलकर्मी आग पर काबू पाने की कोशिश कर रहे हैं। गौतम बुद्ध नगर के चीफ़ फ़ायर ऑफ़िसर और स्थानीय पुलिस भी मौके पर मौजूद हैं और बचाव व आग बुझाने के काम की निगरानी कर रहे हैं।
नोएडा पुलिस के मुताबिक, सेक्टर 113 पुलिस स्टेशन के इलाके में आने वाली अरण्य सोसाइटी के एक फ़्लैट में आग लगने की सूचना मिली थी। फ़ायर सर्विस की टीमों ने तुरंत कार्रवाई की और आग बुझाने का काम शुरू किया। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि अभी तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। आग को पूरी तरह बुझाने की कोशिशें जारी हैं, और उम्मीद है कि स्थिति नियंत्रण में आने के बाद अधिकारी और जानकारी देंगे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा में आग की घटना का संज्ञान लिया और वरिष्ठ अधिकारियों को तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायज़ा लेने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों में तेज़ी लाने, घायलों के उचित इलाज की व्यवस्था करने, प्रशासनिक सतर्कता बनाए रखने और चल रहे राहत कार्यों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया।




