बीपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर डीएसपी बने देव कुमार मौर्य का सांसद ने किया सम्मान
_रमेश ठाकुर के साथ मेराज आलम – गौनाहा पश्चिम चंपारण_ गौनाहा प्रखंड क्षेत्र के जमुनिया गांव निवासी देव कुमार मौर्य ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की परीक्षा उत्तीर्ण कर पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के पद पर चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिजन, शुभचिंतक एवं ग्रामीण लगातार उनके आवास पहुंचकर बधाई दे रहे हैं।
इसी क्रम में वाल्मीकिनगर के सांसद सुनील कुमार जमुनिया स्थित देव कुमार मौर्य के आवास पहुंचे। उन्होंने अंगवस्त्र भेंट कर देव कुमार को सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सांसद ने कहा कि देव कुमार मौर्य की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कठिन परिश्रम और लगन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है, जिससे पूरे गौनाहा प्रखंड का मान बढ़ा है।
इस अवसर पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष सह प्रखंड बीस सूत्री उपाध्यक्ष विक्रमा चौधरी ने देव कुमार मौर्य को बधाई देते हुए कहा कि महात्मा गांधी की कर्मभूमि गौनाहा के इस होनहार युवा ने अपनी सफलता से पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। उन्होंने कहा कि देव कुमार की उपलब्धि से ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में भी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के प्रति नया उत्साह और आत्मविश्वास पैदा होगा।
सम्मान समारोह के दौरान जदयू नेता उदयभान गुप्ता, श्रीकांत महतो, युवा जदयू प्रखंड अध्यक्ष आनंद कुमार राम उर्फ गुड्डू राम, विजय राउत, नवीन गुप्ता, निरंजन राम, छोटू पटेल सहित बड़ी संख्या में जदयू कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने देव कुमार मौर्य को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल प्रशासनिक जीवन की कामना की।




