पटना के रेलकर्मियों के लिए खुशखबरी रेलवे क्वार्टर की ऑनलाइन होगी शिकायत
भारम पोस्ट संवाददाता
पटना। दानापुर रेल मंडल समेत पूर्व मध्य रेलवे के सरकारी क्वार्टरों में रहने वाले रेलकर्मियों और उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब रेलवे कॉलोनियों के क्वार्टरों की मरम्मत और रखरखाव की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। इसके लिए दानापुर मंडल ने आरबीएमएस ऐप लॉन्च किया है।
रेलवे कर्मचारियों को अब क्वार्टर की किसी भी समस्या के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने होंगे. वे आरबीएमएस ऐप पर फोटो, वीडियो या लिखित विवरण के साथ ऑनलाइन शिकायत दर्ज कर सकेंगे। शिकायत मिलने के बाद इंजीनियरिंग और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर निरीक्षण करेगी और समस्या का समाधान करेगी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, वर्ष 2024 में इस योजना का प्रस्ताव तैयार किया गया था। रेलवे बोर्ड के निर्देश के बाद पूर्व मध्य रेलवे में इसे लागू कर दिया गया है। इसके साथ ही क्वार्टरों की मेंटेनेंस की पुरानी मैनुअल व्यवस्था को समाप्त करने के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं।
पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चंद्र ने बताया कि आरबीएमएस ऐप कर्मचारियों की सुविधा के लिए विकसित किया गया है। इसे गूगल प्ले स्टोर से डाउनलोड किया जा सकता है। ऐप पर कर्मचारी अपना जोन, डिवीजन, कॉलोनी का नाम, पता, क्वार्टर नंबर और पहचान पत्र की जानकारी दर्ज कर शिकायत भेज सकते हैं। दानापुर रेल मंडल की विभिन्न रेलवे कॉलोनियों में लंबे समय से क्वार्टरों की खराब स्थिति और रखरखाव को लेकर शिकायतें मिलती रही हैं। रेलवे यूनियनों ने इस नई डिजिटल व्यवस्था का स्वागत करते हुए कहा है कि इससे कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान में तेजी आएगी। साथ ही इस सुविधा का अधिक से अधिक उपयोग सुनिश्चित करना भी जरूरी होगा।



