पहली बार 35 की रफ्तार से दौड़ेगी पटना मेट्रो
-16 मिनट में मलाही पकड़ी से आईएसबीटी पहुंचेंगे यात्री
भारत पोस्ट संवाददाता
पटना। पटना मेट्रो के रेड लाइन ;प्राथमिक कॉरिडोर पर अब पहली बार मेट्रो 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी। इससे मलाही पकड़ी से आईएसबीटी तक का सफर महज 16 मिनट में पूरा होगा। शुक्रवार से इस रूट पर मेट्रो प्रतिदिन 24 फेरे लगाएगी। पटना मेट्रो ने बताया कि पहले सीएमआरएस से भूतनाथ तक मेट्रो 25 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी। मलाही पकड़ी तक सेवा विस्तार के बाद फेरे की संख्या बनाए रखने के लिए स्पीड बढ़ाने का प्रस्ताव सीएमआरएस को भेजा गया था। बुधवार को 35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से परिचालन की मंजूरी दे दी।
मुख्यमंत्री द्वारा मलाही पकड़ी मेट्रो स्टेशन के उद्घाटन के बाद गुरुवार शाम 4 बजे से आम यात्रियों के लिए मलाही पकड़ी से आईएसबीटी के बीच मेट्रो सेवा शुरू होगी। शुक्रवार से यह सेवा रोज सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक उपलब्ध रहेगी। पटना मेट्रो की रेड लाइन की कुल लंबाई 6.107 किलोमीटर है. इसमें भूतनाथ से मलाही पकड़ी के बीच करीब 2.5 किलोमीटर लंबे नए सेक्शन पर भी गुरुवार से परिचालन शुरू हो जाएगा। इसके बाद शहर में मेट्रो का दायरा और बढ़ जाएगा।
मलाही पकड़ी स्टेशन को रेड लाइन का सबसे आधुनिक और आकर्षक स्टेशन बनाया गया है। यहां चार प्रवेश और चार निकास द्वार बनाए गए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए चार लिफ्ट, चार एस्केलेटर, सीढ़ियां और रैंप की व्यवस्था की गई है। स्टेशन तक मलाही पकड़ी मुख्य सड़क, हनुमान नगर रोड और पाटलिपुत्र स्टेडियम रोड से आसानी से पहुंचा जा सकेगा। पटना मेट्रो का खेमनीचक इंटरचेंज स्टेशन अक्टूबर में शुरू होने की संभावना है। यहां कॉरिडोर.1 और कॉरिडोर.2 की मेट्रो ट्रेनें रुकेंगी। स्टेशन पर दोनों कॉरिडोर के लिए अलग.अलग प्लेटफॉर्म बनाए जा रहे हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए पांच लिफ्ट, छह एस्केलेटर और दो.दो प्रवेश एवं निकास द्वार तैयार किए जा रहे हैं। पटना मेट्रो के रेड लाइन पर 0 से 3 किलोमीटर तक का किराया 15 रुपये और 3 से 6 किलोमीटर तक का किराया 30 रुपये निर्धारित किया गया है। ऐसे में मलाही पकड़ी से आईएसबीटी तक यात्रा करने वाले यात्रियों को 30 रुपये का टिकट लेना होगा।



