किसानों को सात प्रतिशत आबादी भूखंड होंगे आवंटित
-योगी के हाथों से आवंटन पत्र दिलाने की तैयारी
भारत पोस्ट संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण किसानों को जल्द सात प्रतिशत आबादी भूखंड के आवंटन पत्र जारी होंगे। यीडा अधिकारी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों से किसानों को आवंटन पत्र दिलाने की तैयारी में जुटे हैं। पहले चरण में 5100 किसानों को आवंटन पत्र सौंपने की तैयारी है।
यमुना प्राधिकरण औद्योगिक विकास परियोजनाओं के लिए किसानों की जमीन अधिग्रहण या सहमति के जरिये क्रय करता है। इसके एवज में किसानों को सात प्रतिशत आबादी भूखंड आवंटित होते हैं, लेकिन अधिकतर गांवों के किसानोंं को लंबे समय से भूखंडों का आवंटन नहीं हुआ है।
किसान संगठन इसके लिए प्राधिकरण से लगातार मांग करते आ रहे हैं। संगठनों की मांग पर प्राधिकरण ने किसानों को भूखंड का आरक्षण पत्र जारी किए थेए लेकिन अब 5100 किसानों को आवंटन पत्र भी जारी करने की तैयारी है। आवंटन पत्र प्राधिकरण तब ही जारी करता है जब भूखंड को विकसित कर दिया जाता है।
प्राधिकरण अब तक 11211 किसानों में से 7035 को आरक्षण पत्र सौंप चुका है। 4176 किसानों के भूखंड नियोजित भी हो चुके हैं। प्राधिकरण के सीईओ राकेश कुमार सिंह का कहना है कि जल्द ही 5100 भूखंडों के आवंटन पत्र किसानों को सौंपे जाएंगे। शेष भूखंडों का भी तेजी से नियोजन किया जा रहा है।


