चिदंबरम ने पीएम मोदी पर साधा निशाना पूछा. भाजपा ट्रोल्स को भी माफ किया ?
-जंतर.मंतर प्रदर्शन के बाद दर्ज हुई थी एफआईआर
भारत पोस्ट संवाददाता
नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। चिदंबरम ने पीएम मोदी से सवाल किया कि क्या उन्होंने सोशल मीडिया पर सरकार की आलोचना करने वालों के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां करने वाले भाजपा के ‘ट्रोल्स’ को भी माफ किया है।
चिदंबरम ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर लिखा ‘क्या माननीय प्रधानमंत्री ने एक्स पर सरकार की आलोचना करने वाली पोस्ट पर अभद्र और अश्लील टिप्पणियां करने वाले भाजपा ट्रोल्स को भी माफ कर दिया है?” कांग्रेस सांसद की यह टिप्पणी सार्वजनिक विमर्श की भाषा और सोशल मीडिया पर अपशब्दों के इस्तेमाल को लेकर जारी राजनीतिक बहस के बीच आई है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर साझा किए गए एक वीडियो संदेश में कहा था कि जंतर.मंतर पर प्रदर्शन के दौरान कुछ युवाओं ने बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने कहा कि उन्हें और उनकी दिवंगत मां को भी अपमानजनक टिप्पणियों का सामना करना पड़ा। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘जंतर.मंतर’ पर जो हुआ उसे देश और दुनिया ने देखा। कुछ शरारती बच्चों ने बेहद भद्दी और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, जो किसी भी सभ्य समाज के अनुरूप नहीं है। मुझे व्यक्तिगत रूप से गालियां दी गईं और मेरी दिवंगत मां के बारे में भी अपमानजनक बातें कही गईं। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था।”
प्रधानमंत्री की यह टिप्पणी उस मामले के बाद आई थी, जिसमें नोएडा पुलिस ने नीट पेपर लीक को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी ;सीजेपी द्वारा आयोजित प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के आरोप में एक युवती के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी।


