सिलीगुड़ी में धूमधाम से मनाया गया नानू सती दादी का 14वां महोत्सव
सिलीगुड़ी: डालमिया परिवार की कुलदेवी नानू सती दादी का 14वां महोत्सव रविवार को श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। सिलीगुड़ी अग्रसेन भवन हॉल में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ ज्योति प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद मंगलपाठ, भव्य दरबार, झांकी, नृत्य-नाटिका, भजन संध्या और छप्पन भोग का आयोजन किया गया।
मुंबई से आए कथावाचक ने मंगलपाठ प्रस्तुत किया, जिसमें बड़ी संख्या में डालमिया परिवार के सदस्य और श्रद्धालु शामिल हुए। मंगलपाठ के दौरान पूरा परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। श्रद्धालुओं ने नानू सती दादी के जयकारे लगाए और परिवार व समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
भजन संध्या में कलाकारों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते और नाचते नजर आए। कार्यक्रम के दौरान छप्पन भोग अर्पित कर दादी का आशीर्वाद लिया गया।
कार्यक्रम की सफलता पर सीताराम डालमिया और नवीन डालमिया ने कहा कि दादी के आशीर्वाद से यह महोत्सव पिछले 14 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहा है। उन्होंने बताया कि सिलीगुड़ी में इसकी शुरुआत वर्ष 2012 में हुई थी और तब से यह आयोजन निरंतर जारी है। श्रद्धालुओं ने जय नानू सती दादी के जयकारों के साथ महोत्सव का समापन किया।




