उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज में फिर बवाल, ABVP-AIDSO कार्यकर्ताओं में झड़प; दो नेता घायल
सिलीगुड़ी: उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज (NBMC) परिसर में ABVP और AIDSO के बीच विवाद एक बार फिर हिंसक हो गया। बुधवार को प्रथम वर्ष के छात्रों के दाखिले को लेकर हुई झड़प के बाद गुरुवार शाम AIDSO के दो नेताओं पर कथित हमले का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
AIDSO के मुताबिक, गुरुवार शाम करीब 6 बजे संगठन की राज्य सचिवालय समिति के सदस्य डॉ. अपूर्व मंडल और NBMC यूनिट के उपाध्यक्ष डॉ. रामचंद्र शर्मा कॉलेज परिसर के बाहर एक दुकान पर बैठे थे। बताया गया कि दोनों बुधवार की झड़प में घायल छात्रों से मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान करीब 40 लोगों के वहां पहुंचने और खुद को ABVP कार्यकर्ता बताकर दोनों नेताओं के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।
हमले में डॉ. अपूर्व मंडल के सिर पर गंभीर चोट लगी, जबकि डॉ. रामचंद्र शर्मा भी घायल हुए। दोनों को इलाज के लिए सिलीगुड़ी जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डॉ. अपूर्व मंडल ने आरोप लगाया कि घटना के दौरान पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने उन्हें बचाने के लिए हस्तक्षेप नहीं किया। हालांकि, ABVP की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
घटना के विरोध में AIDSO ने हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शुक्रवार को सिलीगुड़ी के कोर्ट मोड़ से प्रतिवाद मार्च निकाला और सभा आयोजित की।




