बिजली चोरी और कटे कनेक्शनों के विवाद सुलझाने के लिए 25 अक्टूबर को लोक अदालत
नई दिल्ली। टाटा पावर-डीडीएल की ओर से रविवार, 25 अक्टूबर को राष्ट्रीय लोक अदालत लगाई जाएगी। इसका मकसद बिजली चोरी और बकाया बिलों के कारण काटे गए बिजली कनेक्शनों से जुड़े विवादों का आपसी सहमति से त्वरित समाधान करना है, ताकि उपभोक्ताओं को लंबी कानूनी प्रक्रिया से राहत मिल सके और वे अपने लंबित मामलों का निपटारा करा सकें। इसमें ग्राहकों के बकाया राशि और विवादित बिलों पर सुनवाई कर समाधान का प्रयास किया जाएगा।
लोक अदालत सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक स्थायी लोक अदालत-1, सब-स्टेशन बिल्डिंग, 2/13, सेक्टर-13, रोहिणी (वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल के नजदीक) में आयोजित होगी। इसका आयोजन दिल्ली राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के सहयोग से किया जा रहा है। उपभोक्ता जरूरी दस्तावेजों और संबंधित बिलों के साथ पहुंचें। बिजली चोरी के मामलों के लिए हेल्पलाइन 19124 या eac.care@tatapower-ddl.com पर संपर्क किया जा सकता है। कटे हुए कनेक्शनों के बकाया बिल संबंधी विवादों के लिए customercare@tatapower-ddl.com पर ईमेल भेज सकते हैं। उपभोक्ताओं को मान्य फोटो पहचान-पत्र और संबंधित बिल साथ लाने होंगे।


