किसानों के लिए खुशखबरी : आज से जिले की हर ग्राम पंचायत में शुरू होंगी किसान गोष्ठियां !
एक महीने तक जिले के हर गांव में चलेगा कृषि जागरूकता अभियान, गांव-गांव पहुंचेगी खेती की उन्नत जानकारी !
मिट्टी की सेहत से लेकर नेनो यूरिया तक, मिलेगा समन्वित पोषक तत्व प्रबंधन का प्रशिक्षण !
कोटपूतली-बहरोड़-
जिले के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने और समन्वित पोषक तत्व प्रबंधन की जानकारी किसानों को घर बैठे देने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा आज 12 मई से 12 जून एक महीने तक जिले की प्रत्येक ग्राम पंचायत स्तर पर किसान गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा।
संयुक्त निदेशक कृषि महेन्द्र कुमार जैन ने बताया कि इन गोष्ठियों में किसानों को मिट्टी परीक्षण के आधार पर फसलवार संतुलित उर्वरक उपयोग, डीएपी के स्थान पर सिंगल सुपर फास्फेट, एनपीके उर्वरकों, जिप्सम, जैविक खाद, नेनो यूरिया व डीएपी के उचित प्रयोग की वैज्ञानिक जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले के प्रत्येक ग्राम पंचायत में गोष्ठियों की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं।
किसानों को मिलेगा जानकारी का लाभ—-
किसानों को ग्रीष्मकालीन गहरी जुताई, मृदा स्वास्थ्य सुधार और पोषक तत्वों के संतुलित प्रयोग से मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी भी इन गोष्ठियों के माध्यम से दी जाएगी। गोष्ठियों में भाग लेने वाले किसानों को विभागीय योजनाओं व अनुदानित योजनाओं में आवेदन की प्रक्रिया के बारे में भी मार्गदर्शन मिलेगा।
कृषि विभाग की अपील—-
संयुक्त निदेशक कृषि महेन्द्र कुमार जैन ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे अपने नजदीकी कृषि विभाग कार्मिक से संपर्क कर गोष्ठी की जानकारी लें और अधिकाधिक संख्या में भाग लेकर अपनी कृषि को उन्नत व लाभकारी बनाएं।




