शालबनी जमीन घोटाले में बड़ा एक्शन! अभिषेक बनर्जी के PA सुमित राय गिरफ्तार, CID ने कसी शिकंजा
**कोलकाता:** पश्चिम बंगाल के चर्चित शालबनी भूमि घोटाला मामले में सीआईडी ने बड़ा एक्शन लेते हुए तृणमूल कांग्रेस के अखिल भारतीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक (PA) सुमित राय को गिरफ्तार कर लिया है। सीआईडी की टीम ने कालीघाट स्थित उनके आवास पर कार्रवाई की और गिरफ्तारी के बाद उन्हें भवानी भवन ले जाया गया।
सूत्रों के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट से कानूनी राहत और जमानत संबंधी याचिका खारिज होने के बाद राज्य की जांच एजेंसी ने कार्रवाई तेज की। इसके बाद सीआईडी अधिकारियों की टीम सुमित राय के आवास पहुंची और उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए भवानी भवन ले गई।
शालबनी में जमीन से जुड़े कथित घोटाले, जबरन कब्जे और अन्य आरोपों को लेकर लंबे समय से राजनीतिक हलकों में चर्चा चल रही है। अब सुमित राय की गिरफ्तारी के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है।
सीआईडी की पूछताछ में जमीन से जुड़े दस्तावेजों, कथित लेन-देन और मामले से जुड़े लोगों के साथ संपर्क को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है। जांच एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि पूरे मामले में सुमित राय की कथित भूमिका क्या थी और उनके संपर्क किन लोगों से रहे हैं।
सुमित राय को भवानी भवन ले जाने के बाद पूछताछ जारी है। माना जा रहा है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और भी कई अहम खुलासे हो सकते हैं।



