मटिहानी-शाम्हो पुल को एक्सप्रेस-वे में जोड़ने का श्रेय गिरिराज सिंह को देना राजनीतिक साजिश : डा. रंजन चौधरी
विभाग का अगर पत्रांक व दिनांक है, तो उस पत्रांक और दिनांक को सार्वजनिक करें डीएम
तत्कालीन राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा के द्वारा बनाए गए शाम्हो-मटिहानी पुल डीपीआर का भारत सरकार के गजट के निरस्त की प्रति करावें उपलब्ध
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। शुक्रवार को जन सुराज पार्टी के नेता डॉ. रंजन चौधरी ने जिला जन सुराज पार्टी कार्यालय में पत्रकारों को बताया कि मटिहानी की जनता को ना ही शाम्हो-मटिहानी पुल और ना ही रक्सौल-हल्दिया ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण कराया जाएगा। यह सिर्फ मटिहानी की जनता को ठगने के लिए सिर्फ चुनावी लॉलीपॉप का प्रचार-प्रसार किया गया है। उन्होंने कहा कि डीएम तुषार सिंगला ने 25 जुलाई को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मीडिया को इसकी जानकारी दी थी। उसके बाद एक बार फिर शाम्हो-मटिहानी पुल निर्माण को लेकर संशय की स्थिति क्षेत्र में उत्पन्न हो गई है। क्योंकि पत्रकारों को डीएम ने जो जानकारी दी है, उसमें उन्होंने यह नहीं बताया है कि शाम्हो-मटिहानी पुल, रक्सौल-हल्दिया ग्रीन फील्ड एक्सप्रेस-वे का जो हिस्सा बनेगा। इस आशय की जानकारी उन्हें किस माध्यम से हुई। अगर विभाग ने यह जानकारी उन्हें उपलब्ध कराया तो उसका पत्रांक व दिनांक क्या है? यदि पत्रांक, दिनांक डीएम के पास उपलब्ध है, तो उन्होंने इसकी जानकारी पत्रकारों को क्यों नहीं दिये। उन्होंने कहा कि इस एक्सप्रेस-वे से संबंधित जो रिलीज पत्रकार को दी गई, उस रिलीज में डीएम का हस्ताक्षर क्यों नहीं है? दूसरी तरफ प्रश्न यह उठता है कि तत्कालीन राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा जो डीपीआर शाम्हो-मटिहानी पुल का तैयार करवाया था और जो भारत सरकार का गजट निकाला गया था। उसका क्या हुआ? यदि उसे निरस्त किया गया तो उसे निरस्त किसने करवाया?
इस आशय की जानकारी सर्वदलीय बैठक बुलाकर देनी चाहिए थी। लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। यह पूरा प्रकरण जन सुराज पार्टी और उनके नेता डॉ. रंजन चौधरी को बेगूसराय की जनता को दिग्भ्रमित करने का प्रयास लगता है। पुल निर्माण को ठंढ़े बस्ते में डालने का एक साजिश है। उन्होंने कहा कि मटिहानी-शाम्हो पुल को एक्सप्रेस-वे में जोड़ने का श्रेय जिले के सांसद व केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह को डीएम दिए हैं। इससे जन सुराज पार्टी को इस प्रेस वार्ता में राजनीतिक साजिश प्रतीत होती है। जन सुराज के नेता श्री चौधरी ने कहा कि यदि शाम्हो-मटिहानी पुल को लेकर वास्तव में सरकारी स्तर पर कोई निर्णय लिया गया होता तो इसका राजनीतिक लाभ लेने के लिए निश्चित रूप से एनडीए के नेता, सांसद व विधायक मिलकर प्रेस कांफ्रेंस आयोजित करते। लेकिन यह प्रेस कॉन्फ्रेंस डीएम के द्वारा आयोजित की गई है। इसलिए इसमें जन सुराज पार्टी को राजनीतिक साजिश प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही जन सुराज पार्टी द्वारा उठाए गए इन प्रश्नों का जवाब दो सप्ताह में नहीं मिलता है तो फिर से जन सुरज के नेता डॉ रंजन चौधरी एक बार फिर से शाम्हो पुल को लेकर आंदोलन करेंगे। इस मौके पर शाम्हो के सरपंच दिलीप कुमार, जन सुराज के नेता त्रिभुवन राम, रंजीत कुमार समेत कई अन्य नेता भी उपस्थित थे।



