बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड का शुभारंभ
पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया कार्यक्रम का आयोजन
बेगूसराय ब्यूरो। मंगलवार को बिहार राज्य जीविका निधि साख सहकारी संघ लिमिटेड का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा वर्चुअल माध्यम से किया गया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने जीविका निधि में 105 करोड़ रुपये की राशि का हस्तांतरण भी किया।कार्यक्रम में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा उपस्थित थे। जिला स्तरीय समारोह प्रेक्षागृह सह आर्ट गैलरी, कंकौल में जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला की अध्यक्षता में आयोजित की गई। मौके पर विधान पार्षद सर्वेश कुमार सिंह, बेगूसराय विधायक कुंदन कुमार, मटिहानी विधायक राजकुमार सिंह, उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त नगर निगम, जिला परिषद् अध्यक्ष सुरेन्द्र पासवान, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका सहित अन्य पदाधिकारी एवं एवं जीविका दीदियां उपस्थित थीं। इसके साथ ही जिले के 18 प्रखंडों के 374 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित हुई। जिसमें 50 हजार से अधिक जीविका दीदियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस निधि का लाभ 32 हजार से अधिक समूहों से जुड़ी 3 लाख 65 हजार जीविका दीदियों को मिलेगा। इससे महिलाओं की आर्थिक गतिविधियों को गति, आत्मनिर्भरता को मजबूती और परिवार एवं जिले के विकास में उनकी भागीदारी और सशक्त होगी।



