नाटक से भाषा, व्यवहार, संस्कार के साथ होता है सामाजिक चेतना का विकास
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। तारा कॉलेज ऑफ एजुकेशन, बिक्रमपुर, चेरियाबरियारपुर के सभागार में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार व तारा कॉलेज ऑफ एजुकेशन के सहयोग से रिवाइवल की नाट्य प्रस्तुति पंचवटी मूल रचना मैथिली शरण गुप्त नाट्य रूपांतरण एवं निर्देशन कुमार अभिजीत के द्वारा मंचन किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक उपेंद्र पासवान, रिवाइवल के मुख्य संरक्षक सह नुनु बाबू एजुकेशनल एंड चैरिटेबल ट्रस्ट के सचिव राज किशोर सिंह, आशीर्वाद रंग मंडल के सचिव डॉ अमित रौशन, रिवाइवल के अध्यक्ष व फिल्म अभिनेता अमिय कश्यप, प्लेयर्स एक्ट के सचिव चंदन कुमार, रिवाइवल सचिव रजनी कुमारी, तारा कॉलेज के प्राचार्य संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। राज किशोर सिंह ने कहा कि नाटक से भाषा, व्यवहार, संस्कार के साथ सामाजिक चेतना का विकास होता है। नाटक जीवन की शुरुआत भी है और अंत भी। पूर्व विधायक उपेंद्र पासवान ने नाटक पंचवटी को पारिवारिक सामाजिक और राष्ट्रीय चेतना का अमूल्य उपहार बताया। अमित रोशन ने नाटक को सामाजिक और राष्ट्रीय मूल्यों को स्थापित करने का सशक्त माध्यम कहा। इस नाटक में पारिवारिक प्रेम को प्रकृति प्रेम से जोड़कर दिखाया गया है। नाटक में गहन मानवीय मूल्य भावनाओं को व्यक्त किया गया है। जो लक्ष्मण और उर्मिला के वियोग को विशिष्ट बनाता है। प्रकृति का चित्रण इस नाटक का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा। राम बनवास के एक खंड को लेकर उसे आधुनिक दृष्टिकोण से प्रस्तुत करने की सफल कोशिश की गई है। निर्देशक स्मृति ग्लानि और प्रेम जैसे भाव बिंबो का प्रभावशाली ढंग से प्रयोग किया है। जिससे नाटक में भावनात्मक गहराई दिख रही थी। नाटक में वीर रस व श्रृंगार रस का बेजोड़ संतुलन था। लक्ष्मण और शूर्पनखा को मौलिकता प्रदान करने की बेजोड़ कोशिश दिखी। लक्ष्मण पुरुष वर्ग तो वही शूर्पनखा स्त्री वर्ग को लेकर अनेक मौलिक सवाल खड़े करने में कामयाब रहे। नाटक में कथा वाचक के रूप में कुमार अभिजीत, लक्ष्मण के किरदार में रजनीश कुमार, सुनील कुमार, सुमित कुमार शूर्पनखा के रूप में कंचन कुमारी, अमीषा कुमारी, सरिता कुमारी, पूजा कुमारी ने अपने अभिनय से गति प्रदान कर रही थी। राम के किरदार में अभिलाषी तो सीता के किरदार में पूजा कुमारी, पुशम कुमारी, गीता कुमारी ने बेहतरीन काम किया। कोरस की भूमिका में बादल कुमार चौधरी, तन्नू कुमारी व शिरोमणि स्वराज ने अपने अभिनय से दर्शकों की तालियां बटोरती रही। वस्त्र विन्यास व सह निर्देशन रजनी कुमारी, सेट निर्माण कुमार संदीप, साउंड मनीष कुमार, लाइट सुमित कुमार, प्रॉपर्टी निर्माण सुमन कुमार ने किया। पूरे कार्यक्रम का संचालन दीपक कुमार ने किया।


