त्योहारों से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग बड़ी कार्रवाई, सड़े गले फल मौके पर किया नष्ट, 10 नमूने जांच को भेजें

 

*ब्यूरो चीफ बाराबंकी* बाराबंकी। आगामी नवरात्रि व दशहरा पर्व पर मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर रोकथाम के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की ओर से शनिवार को विशेष छापामार अभियान चलाया गया। यह अभियान सहायक आयुक्त (खाद्य)-II डॉ. शैलेन्द्र प्रताप सिंह के निर्देशन में संचालित हुआ।

अभियान के दौरान नगरीय व ग्रामीण क्षेत्रों से फलाहारी और अन्य खाद्य पदार्थों के कुल 10 नमूने संग्रहित किए गए। इनमें साबूदाना, रबड़ी, छेना, मुनक्का, खजूर, दूध बर्फी और रस्क शामिल हैं।

छापेमारी के दौरान सड़े-गले व कटे फलों की बिक्री रोकने के लिए लगभग 180 किलो केला, 50 किलो अमरूद और 45 किलो सेब मौके पर नष्ट कराए गए। जनपद में तीन टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं और यह अभियान त्योहारों तक जारी रहेगा।

खाद्य कारोबारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि कुट्टू आटा और सिंघाड़ा आटा की गुणवत्ता सुनिश्चित करें तथा एक्सपायरी स्टॉक स्वयं नष्ट करें, अन्यथा कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आमजन को भी जागरूक किया गया कि वे इन वस्तुओं को खरीदते समय निर्माण तिथि और उपयोग की वैधता अवश्य जांच लें।

पूरे अभियान के दौरान संग्रहित 10 नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है। प्रवर्तन कार्यवाही में खाद्य सुरक्षा अधिकारी सलिल कुमार सिंह, भगौती प्रसाद, अंकिता यादव, पल्लवी तिवारी तथा अर्शी फारूकी शामिल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button