लाटागुड़ी के रिसॉर्ट में देह व्यापार का भंडाफोड़, तीन युवतियों समेत नौ गिरफ्तार
सिलीगुड़ी: उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लाटागुड़ी में एक रिसॉर्ट के भीतर कथित देह व्यापार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। रविवार रात सरस्वती वन बस्ती के समीप स्थित एक रिसॉर्ट में छापेमारी कर पुलिस ने तीन युवतियों समेत कुल नौ लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में असम के पांच युवक और रिसॉर्ट का एक कर्मचारी भी शामिल है।
गुप्त सूचना के आधार पर मालबाजार महकमा पुलिस अधिकारी सुदीप्त सरकार, माल थाना के आईसी और क्रांति फाड़ी के ओसी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रिसॉर्ट में अभियान चलाया। तलाशी के दौरान पुलिस ने सिलीगुड़ी की तीन युवतियों को वहां से रेस्क्यू किया। वहीं, असम के पांच युवकों तथा रिसॉर्ट के एक कर्मचारी को हिरासत में लिया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए युवकों में अधिकांश असम के अलग-अलग इलाकों के निवासी हैं। कार्रवाई के बाद तीनों युवतियों को होम भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रिसॉर्ट में कथित तौर पर यह गतिविधि कब से चल रही थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
लाटागुड़ी जैसे प्रमुख पर्यटन क्षेत्र में इस तरह की गतिविधि सामने आने से इलाके में भी चर्चा तेज हो गई है। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से आरोप लगते रहे हैं कि पर्यटन की आड़ में कुछ होटल, लॉज और रिसॉर्ट्स में अवैध गतिविधियां संचालित की जाती हैं।
पुलिस का कहना है कि ऐसे मामलों में कानून के तहत कार्रवाई जारी रहेगी। सिलीगुड़ी और आसपास के क्षेत्रों में भी होटल, लॉज तथा स्पा सेंटरों पर निगरानी बढ़ाई जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले का किसी संगठित गिरोह या मानव तस्करी के नेटवर्क से कोई संबंध है या नहीं।




