रोस्टर अनियमितता के खिलाफ भीम आर्मी का प्रदर्शन, किया पांचमुखी पुतला दहन
ईडब्ल्यूएस कोटे की कटऑफ एससी/एसटी और ओबीसी से कम होना दलित विरोधी मानसिकता
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग एवं कर्मचारी चयन आयोग के विज्ञापनों में रोस्टर निर्धारण में अनियमितता के खिलाफ शनिवार को भीम आर्मी भारत एकता मिशन ने जोरदार प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष विकास कुमार आजाद के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता अंबेडकर भवन से पैदल मार्च करते हुए अंबेडकर चौक, कचहरी रोड और कैंटीन चौक होते हुए समाहरणालय गेट पहुंचे।कार्यकर्ताओं ने पांचमुखी पुतला बनाया। जिसमें प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, रेल मंत्री और बिहार के दोनों उपमुख्यमंत्री के चेहरे लगाए थे। नारेबाजी के बीच पुतले का दहन किया गया और सरकार के खिलाफ जमकर विरोध जताया गया। पत्रकारों से बातचीत में जिला अध्यक्ष विकास आजाद ने कहा कि एसआई विज्ञापन संख्या 03/2025 और 05/2025 तथा कर्मचारी चयन आयोग विज्ञापन संख्या 05/2025 में एससी/एसटी वर्ग के लिए पर्याप्त सीटें नहीं दी गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संवैधानिक अधिकारों का हनन कर दलित-पिछड़े वर्गों के हक को कुचलने का काम कर रही है। जिला उपाध्यक्ष रजनीश कुमार ने कहा कि एनडीए सरकार “मनुवादी सरकार” है। दलित-पिछड़ों के अधिकारों को खत्म कर रही है। प्रवक्ता कुमार चक्रवर्ती ने चेतावनी दी कि यदि एससी/एसटी की कटौती की गई सीटों को बैकलॉग से पूरा नहीं किया गया तो लड़ाई सड़क से लेकर सदन तक जारी रहेगी। जिला महासचिव संगम कुमार और अन्य वक्ताओं ने हाल ही में आए रेलवे लोको पायलट रिजल्ट का हवाला देते हुए कहा कि ईडब्ल्यूएस कोटे की कटऑफ एससी/एसटी और ओबीसी से कम है, जो दलित विरोधी मानसिकता को दर्शाता है। प्रदर्शन के बाद भीम आर्मी प्रतिनिधिमंडल ने जिला अधिकारी को मुख्य सचिव के नाम का ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम में जिला उपाध्यक्ष, महासचिव, प्रवक्ता सहित कई प्रखंड अध्यक्ष और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।



