पश्चिम बंगाल में 2026 के विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंके -अमित शाह
बैरकपुर में गरजे अमित शाह, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

अजित प्रसाद,बैरकपुर, पश्चिम बंगाल : पश्चिम बंगाल में 2026 के विधानसभा चुनाव का बिगुल फूंकते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज एक बार फिर बंगाल के दौरे पर हैं। राज्य नेतृत्व और पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने के लिए अमित शाह उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर स्थित आनंदपुरी मैदान में एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया ।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय गृह मंत्री सुबह 11:10 बजे सभा स्थल पर पहुंचे । इस महत्वपूर्ण दौरे को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए थे ।
अमित शाह के आगमन से पहले पूरे आनंदपुरी मैदान को सुरक्षा घेरे में तब्दील कर दिया गया । सभा शुरू होने से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके की गहन छानबीन की है मंच से लेकर टेंट के भीतर हर कोने की जांच स्निफर डॉग्स की मदद से की गई है ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सके।पूरे मैदान को बैरिकेड्स से घेर दिया गया है और भारी संख्या में पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी ।बैरकपुर, बारासात, बशीरहाट और बनगांव जैसे संगठनात्मक जिलों के हजारों कार्यकर्ता इस सभा में शामिल हुए ।
2026 के चुनावों से पहले अमित शाह का यह दौरा राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है। भाजपा इस बार बंगाल में सत्ता परिवर्तन के लक्ष्य के साथ बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को एकजुट करने में जुटी है।



