विधिक सेवा दिवस पर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता शिविर आयोजित
पुरुषोत्तम शर्मा भारत पोस्ट नारेहड़ा । राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कोटपूतली-बहरोड़ की अध्यक्ष शिवानी सिंह के निर्देशन में विधिक सेवा दिवस के अवसर पर नारेहड़ा सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता शिविरों का आयोजन किया गया। इस दौरान नारेहड़ा, चुरी व रायकरणपुरा ने आयोजित इन शिविरों में पीएलवी (अधिकार मित्र) संजय कुमार जोशी एवं बबिता जांगिड़ द्वारा ग्रामीणों को विधिक सेवा दिवस का महत्व, राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण तथा राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई। शिविरों के दौरान उपस्थित लोगों को नालसा पोर्टल, हेल्पलाइन नम्बर 15100, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम 1989, अनुसूचित जनजाति एवं पारंपरिक वन निवासी (वन अधिकारों की मान्यता) अधिनियम 2006, तथा राष्ट्रीय शिक्षा दिवस से जुड़ी जानकारियाँ दी गईं।
साथ ही महिलाओं के अधिकार, सामाजिक कुरीतियों से मुक्ति और न्याय तक समान पहुँच के विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि विधिक सेवा दिवस का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग को न्याय प्रणाली से जोड़ना तथा लोगों में कानूनी जानकारी बढ़ाना है, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें और जरूरत पड़ने पर विधिक सहायता प्राप्त कर सकें। विभिन्न स्थलों पर हुए इन शिविरों में 150 से अधिक लोगों ने सहभागिता की। ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से समाज में विधिक चेतना और न्याय के प्रति विश्वास मजबूत होता है।


