बिजली करंट से मां-बेटे की मौत, गांव में पसरा मातम
प्रियंका कुमारी
बखरी, बेगूसराय संवाददाता। बखरी प्रखंड के डरहा गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में मां-बेटे की करंट लगने से मौत हो गई। यह घटना पूरे गांव को झकझोर कर रख दी है। दुर्गा पूजा के उल्लास के बीच हुई इस हृदयविदारक दुर्घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, डरहा गांव निवासी नंदलाल राय की पत्नी पावित्री देवी (37) एवं पुत्र आर्यन कुमार (15) की मौत करंट की चपेट में आने से हो गई। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे खड़ा एक ई-रिक्शा बिजली पोल के बिल्कुल बगल में था, अनजाने में उसके ऊपर टूट कर बिजली का तार गिर गया। आर्यन जैसे ही ई-रिक्शा के पास गया, वह करंट की चपेट में आ गया। बेटे को तड़पता देख मां पावित्री देवी उसे बचाने दौड़ी, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गईं। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। इधर, बखरी थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।




