दादा भइया मंदिर प्रांगण में भंडारा आयोजन किया गया।
भारत पोस्ट संवाददाता
नई दिल्ली। उत्तरी-पश्चिमी दिल्ली के मुडंका विधानसभा क्षेत्र के गांव गढ़ी खढ़ाला में दादा भइया मंदिर प्रांगण में विशाल भंडारा का आयोजन किया गया। विगत रविवार को प्रातः विशाल कलश यात्रा निकाली गई। अगले दिन सोमवार को प्रातः 9 बजे हवन के बाद 11 बजे भजन-कीर्तन का कार्यक्रम शुरु हुआ।
इस अवसर पर बाबा इन्द्र दास जी ने बताया कि भंडारा का आयोजन गांव गढ़ी खढ़ाला, निजामपुर, बामडौली, बराही के श्रद्धालुओं के सहयोग से किया गया। दादा भइया मंदिर प्रांगण में महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन का कार्यक्रम को अंजाम दिया गया। विशाल भंडारा कार्यक्रम में स्थानीय कई मंदिरों के साधु-संत उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दिन सुबह से ही लोगों का आना शुरु हो गया। इस मौके पर क्षेत्र के निगम पार्षद, पूर्व निगम पार्षद, अनेक राजनैतिक-धार्मिक संगठनों के प्रमुखों और कई पंचायतों के प्रधानों ने शिरकत की और प्रसाद ग्रहण किया। भाई सूरज भान ने दादा भइया और इन चार गांवों के इतिहास की जानकारी दी।
कार्यक्रम में तकरीबन 2 बजे क्षेत्र के सांसद योगेन्द्र चंडेलिया, क्षेत्रीय विधायक गजेंद्र दलाल, युवा नेता अमित माथुर के पहुंचने पर ढोल-नगारों से स्वागत किया गया। इन श्रद्धालुओं ने दादा भइया के मंदिर में माथा टेक कर आशीर्वाद लिया। विधायक गजेंद्र दलाल ने दादा भइया मंदिर सेवा समिति के अध्यक्ष चौधरी कश्मीर सिंह छिब्बर का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अध्यक्ष जी को मंदिर निर्माण में योगदान के लिए सदा याद किया जाएगा। विधायक ने मंच से ऐलान किया कि मेरी सेवा की जब भी जरुरत पड़े, मैं हमेशा तैयार हंू। इस अवसर पर मंदिर समिति अध्यक्ष ने सभी गणमान्य को पगड़ी पहना कर स्वागत किया और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।


