बगहा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 64 वारंट का निष्पादन; 39.6 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त, कई आरोपी गिरफ्तार
रमेश ठाकुर – रामनगर ,पश्चिम चंपारण के बगहा पुलिस जिला क्षेत्र में सोमवार को विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने वारंटियों की गिरफ्तारी, शराब बरामदगी और वाहन जांच में उल्लेखनीय सफलता हासिल की। पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार जिले के अलग-अलग थानों ने कुल 64 वारंटों का निष्पादन किया, जबकि एक कुर्की की कार्रवाई भी की गई।
नदी थाना पुलिस ने बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2018 की धारा 30(ए) के तहत अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की तथा 9 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की। वहीं, नौरंगिया थाना पुलिस ने वारंटी जफीर आलम को गिरफ्तार किया और उसके पास से 21.6 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की।
धनहा थाना पुलिस ने वारंटी आमप्रकाश सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा। रामनगर थाना पुलिस ने विभिन्न मामलों में सात आरोपितों तथा एक अन्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा।इसके अलावा, बगहा पुलिस ने बालीकीनगर, भैरोगंज, पिपरासी, लौकरिया और गोवर्धना थाना क्षेत्रों में भी वारंटियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई की। बालीकीनगर थाना पुलिस ने एक वारंटी को गिरफ्तार कर रिकॉल पर मुक्त किया।
वाहन जांच अभियान के दौरान पुलिस ने 267 वाहनों की जांच की तथा यातायात नियमों के उल्लंघन पर 37 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।पुलिस के अनुसार जिले में अपराध नियंत्रण, वारंटों के निष्पादन तथा मद्यनिषेध कानून के प्रभावी अनुपालन के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।



