प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर उपमुख्यमंत्री ने की समीक्षा बैठक, ली स्थल की जायजा
बेगूसराय भारत पोस्ट ब्यूरो। 22 अगस्त को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा बेगूसराय के सिमरिया में नवनिर्मित 6-लेन गंगा पुल का लोकार्पण प्रस्तावित है। उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा और सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर सोमवार को बिहार के उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक सहित अन्य पदाधिकारियों द्वारा स्थल निरीक्षण किया गया। जिला प्रशासन द्वारा उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपमुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक व्यवस्था सहित अन्य चीजों की समीक्षा की। जिला पदाधिकारी तुषार सिंगला ने प्रधानमंत्री के कार्यक्रम की तैयारी को लेकर कार्यक्रम स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं से अवगत कराया। इस अवसर पर सांसद बेगूसराय सह- केंद्रीय मंत्री, वस्त्र मंत्रालय, भारत सरकार गिरिराज सिंह, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री, सह प्रभारी मंत्री, बेगूसराय संजय सरावगी, विधान पार्षद सर्वेश कुमार, विधायक बेगूसराय कुंदन कुमार, विधायक मटिहानी राज कुमार सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि सिमरिया 6-लेन गंगा पुल बिहार की आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। जो न केवल बेगूसराय एवं आसपास के जिलों को राजधानी पटना से बेहतर तरीके से जोड़ेगा, बल्कि आर्थिक, सामाजिक एवं औद्योगिक विकास को भी नई दिशा देगा।



