डिम्पल जन्डेल के द्वारा कोटपूतली नगर परिषद द्वारा संचालित रैन बसेरो का निरीक्षण किया
कोटपूतली , जिला विधिक सेवा प्राधिकरणर, कोटपूतली की सचिव श्रीमती डिम्पल जन्डेल के द्वारा कोटपूतली नगर परिषद द्वारा संचालित रैन बसेरो का निरीक्षण किया गया। सर्वप्रथम सचिव द्वारा नगरपालिका पार्क के निकट स्थित रैन बसेरे का निरीक्षण किया गया जो बंद पाया गया तथा संचालनकर्ता/मैनेजर भी अनुपस्थित था। जिसके संबंध में नगर परिषद, कोटपूतली को पत्र जारी कर उक्त रैन बसेरे को खोले जाने एवं नियमानुसार संचालित किए जाने के निर्देश दिए गए।
तदुपरान्त सचिव द्वारा राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम डिपो कोटपूतली के पास स्थित रैन बसेरे का निरीक्षण किया गया जो आम जन हेतु खुला हुआ पाया गया।
निरीक्षण के दौरान उक्त रैन बसेरे में कोई भी व्यक्ति आवासित नहीं पाया गया। लोगो के शयन हेतु वहां 12 गद्दे एवं 10 रजाईंया कुछ तकीये थे। महिलाओं एवं पुरूषों हेतु पृथक आवास व्यवस्था पाई गई।
चूंकि रैन बसेरे में भोजन की कोई भी व्यवस्था नहीं पाई, मैनेजर ने पूछने पर बताया कि यहां पहले इंदिरा रसोई थी जो वर्तमान में बंद हो चुकी है। इसके अतिरिक्त पीने के पानी एवं सफाई की व्यवस्था ठीक ठाक पाई गई। किंतु प्राथमिक चिकित्सा किट एवं अग्निशमन प्रणाली की कोई व्यवस्था नहंी पाई गई। विशेष योग्य जनों, बच्चों एवं वरिष्ठ नागरिकों के लिए कोई विशेष व्यवस्था नहीं थी।
सचिव महोदया द्वारा मैनेजर को रैन बसेरे में सफाई, पानी आदि की व्यवस्था सुचारू रूप से रखने के साथ-साथ रैन बसेरे के प्रचार के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त नगर परिषद कोटपूतली को पत्र जारी करके रैन बसेरे में आधारभूत सुविधाएं जैसे पीने योग्य पानी, रजाई-गद्दे, प्राथमिक चिकित्सा किट, भोजन आदि की व्यवस्था किए जाने के साथ रैन बसेरे के प्रचार किए जाने के निर्देश दिए गए ताकि बेसहारा एवं बेघर लोगों को रहने की उचित व्यवस्था मिल सके।


