डिस्ट्रिक्ट जज ने कैदियों की समस्याओं का समाधान के लिए सुपरिंटेंडेंट को दिया निर्देश
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। शनिवार को बेगूसराय मंडल कारा का निरीक्षण प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ऋषिकांत ने किया। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने कैदियों से मुलाकात किया। उनकी समस्याओं को जाना तथा जेल प्रशासन के द्वारा दी जा रही सुविधाओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। साथ ही मंडल कारा स्थित अस्पताल की व्यवस्थाओं को देखा। वहां मौजूद चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को कैदियों की अच्छे से इलाज करने के लिए दिशा निर्देश दिया। मंडल कारा में साफ-सफाई की व्यवस्था को देखा। महिला कैदी वार्ड में जाकर उन्होने महिला कैदियों से मुलाकात की एवं उनकी समस्याओं को सुना। निरीक्षण के बाद प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ऋषिकांत ने मंडल कारा के सुपरिंटेंडेंट मनोज कुमार सिन्हा को कैदियों की समस्याओं के समाधान के लिए दिशा निर्देश दिया। निरीक्षण के लिए पहुंचे प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ऋषिकांत को मंडल कारा पुलिस प्रशासन के द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पुष्पगुच्छ एवं कैदियों के द्वारा बनाए गए पेंटिंग देकर उन्हें सम्मानित किया गया। मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव न्यायाधीश करुणानिधि प्रसाद आर्या, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कविता कुमारी, एलएडीसी के सदस्य सुधा कुमारी, अखिलेश कुमार, डीएलएसए के सहायक इंद्रसेन शर्मा उपस्थित थे।




