डीएम ने अवैध आरा मशीनों पर कार्यवाही के दिए निर्देश
आईजीआरएस के निस्तारण में शिकायत कर्ता से फीडबैक भी लें अधिकारी
बलवान सिंह , बाराबंकी। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट परिसर स्थित लोकसभागार में राजस्व कार्यों एवं कर-करेत्तर, प्रवर्तन कार्यों सम्बन्धी समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से विभागवार राजस्व वसूली की प्रगति, प्रवर्तन कार्यों की स्थिति तथा लक्ष्यों की प्राप्ति के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि कर वसूली व प्रवर्तन संबंधी कार्यों को शत-प्रतिशत लक्ष्य के अनुरूप समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए। राजस्व कार्यों की समीक्षा करते हुई जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने सभी तहसीलों में लंबित वादों के विषय में गहन समीक्षा की और सम्बंधित अधिकारियों को समयान्तर्गत मुकदमों के निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि स्वामित्व निर्धारण के कार्य में तेजी लाई जाए। साथ ही खतौनी में अंश निर्धारण की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से और समयानुसार की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि ई-खसरा बनाने की प्रक्रिया बहुत धीमी है उसमें तेजी लाई जाए। उत्तराधिकार, स्वामित्व, रियल टाइम खतौनी और ई- परवाना से सम्बंधित मामलों में समयानुसार कार्यवाही की जाए।
प्रवर्तन कार्यों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने औषधि निरीक्षक को परावर्तन की कार्यवाही और प्रभावी ढंग से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रतिबंधित और नकली दवाओं की सख्त निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि आगामी त्यौहारों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा के तहत लगातार छापेमारी की कार्यवाही की जाए। तथा समस्त उपजिलाधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विशेष अभियान चलाकर जनपद में चल रहे अवैध आरआर मशीनों को चिन्हित करते हुए कार्यवाही की जाए।




