भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर सामाजिक सहभागिता की अनुकरणीय पहल !
विद्यालय विकास के लिए सौंपे 91 हजार रुपए !
जनसहयोग से शिक्षा व सामाजिक उत्थान की दिशा में प्रेरणादायक मिसाल !
कोटपूतली-
भगवान परशुराम जन्मोत्सव पर ढ़ाणी गूंदका वाली सरूण्ड के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में एक अनुकरणीय सामाजिक पहल देखने को मिली। परशुराम स्वयंसेवी संगठन ने जनसहयोग से एकत्रित 91 हजार रुपए की राशि विद्यालय के विकास हेतु भेंट की जो शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सहभागिता की प्रेरक मिसाल बन गई है।
विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान संगठन के वरिष्ठ सदस्य सत्यनारायण शर्मा, गोपाल शरण गौतम, श्याम सुंदर शर्मा, राजेश ढोडू, सीताराम मुदगल, प्रवीण शर्मा व सोनू शर्मा ने यह राशि विद्यालय प्रधानाध्यापक जितेंद्र शर्मा को सौंपते हुए शिक्षा को मजबूत आधार देने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम संयोजक भास्कर शर्मा ने कहा कि शिक्षा ही समाज की असली पूंजी है। यदि हम बच्चों को बेहतर वातावरण देंगे तो वे आने वाले समय में सशक्त भारत की नींव बनेंगे। यह पहल एक छोटी शुरुआत है जो भविष्य में बड़ा रूप लेगी।
प्रधानाध्यापक जितेंद्र शर्मा ने संगठन की इस पहल की सराहना करते हुए सभी भामाशाहों का आभार जताया और कहा कि यह सहयोग भावी पीढ़ी के लिए प्रेरणास्त्रोत बनेगा। शिक्षा और सामाजिक उत्थान की दिशा में यह प्रयास सकारात्मक परिवर्तन की उम्मीद जगाता है। कार्यक्रम में नन्हे मुन्ने बच्चों सहित ग्रामीणजन उपस्थित रहे।




