गुलशन देवैया और रसिका दुग्गल अभिनीत फिल्म ‘लिटिल थॉमस’ को मिला यूए 7+ सेंसर सर्टिफिकेट, 23 अक्टूबर को होगी रिलीज़

 

मुंबई, अक्टूबर, 2026: फिल्म ‘लिटिल थॉमस’ 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने के लिए पूरी तरह तैयार है। वहीं, ऐसे समय में, जब सिनेमाघरों में साफ-सुथरी और पूरे परिवार के साथ देखी जा सकने वाली मनोरंजक फिल्मों की कमी महसूस की जा रही है, आगामी फिल्म ‘लिटिल थॉमस’ के निर्माताओं ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से यूए 7+ सेंसर सर्टिफिकेट हासिल कर लिया है। 1990 के दशक के गोवा की पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म में गुलशन देवैया और रसिका दुग्गल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएँगे। यह सेंसर सर्टिफिकेट इस कॉमेडी-ड्रामा को त्यौहारों के मौसम में बच्चों और परिवारों के लिए एक बेहतरीन सिनेमाई विकल्प बनाता है।
आज के दौर में, जहाँ मुख्यधारा की फिल्मों में एक्शन, रोमांचक थ्रिलर और वयस्क विषयों पर आधारित कहानियों का दबदबा है, वहीं ऐसी फिल्मों की संख्या कम होती जा रही है, जिन्हें माता-पिता और बच्चे एक साथ सिनेमाघरों में बैठकर देख सकें। ‘लिटिल थॉमस’ बचपन की मासूमियत और पारिवारिक रिश्तों पर आधारित एक दिल छू लेने वाली कहानी के माध्यम से इस कमी को पूरा करने की कोशिश करती है।
फिल्म को मिले सेंसर सर्टिफिकेट और त्यौहारों के दौरान इसकी रिलीज़ पर बात करते हुए, निर्माता रंजन सिंह ने कहा, “हमें युए 7+ सेंसर सर्टिफिकेट मिला है, जो ‘लिटिल थॉमस’ को आने वाली छुट्टियों में पूरे परिवार के साथ देखने के लिए एक दम उपयुक्त बनाता है। हम इस फिल्म को हर उम्र के दर्शकों के लिए एक कॉमेडी कहते आए हैं। हमने इसे पूरी सावधानी और ईमानदारी के साथ बनाया है और हमें पूरा विश्वास है कि परिवार के सभी सदस्य इसे देखकर खूब आनंद उठाएँगे।”
1990 के दशक के गोवा की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म सात साल के थॉमस (हृदांश पारेख) की कहानी है, जो अपने लिए एक छोटा भाई चाहता है। अपने इस सपने को पूरा करने के लिए वह अपने माता-पिता के बीच सुलह कराने की जिम्मेदारी खुद उठा लेता है। थॉमस के माता-पिता की भूमिका गुलशन देवैया और रसिका दुग्गल ने निभाई है, जो लगातार आपस में झगड़ते रहते हैं।
फिल्म की कहानी लिखने और निर्देशन की जिम्मेदारी कौशल ओझा ने संभाली है। ‘लिटिल थॉमस’ को ल्यूमिनोसो पिक्चर्स, सिविक स्टूडियोज, गुड बैड फिल्म्स और फ्लिप फिल्म्स के बैनर तले निर्मित किया गया है। फिल्म के निर्माता अनुष्का शाह, रजनिकांत ओझा, चारु ओझा, रंजन सिंह, अनुराग कश्यप, अक्षय ठक्कर और कबीर आहूजा हैं।

फिल्म का संगीत शैलेन्द्र बर्वे ने तैयार किया है। ‘लिटिल थॉमस’ 23 अक्टूबर को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button