‘दृश्यम: द कन्क्लूज़न’ को ग्लोबल ऑडियंस तक पहुँचाएँगे पैनोरमा स्टूडियोज़ और ज़ी स्टूडियोज़, 2 अक्टूबर 2026 को रिलीज होगी फिल्म
अजय देवगन स्टारर और अभिषेक पाठक द्वारा निर्देशित 'दृश्यम: द कन्क्लूज़न' की इंटरनेशनल थिएट्रिकल रिलीज के लिए दोनों स्टूडियोज ने मिलाया हाथ
मुंबई, सितंबर, 2026: भारतीय सिनेमा की सबसे चर्चित और लोकप्रिय फ्रेंचाइजी में शामिल ‘दृश्यम’ अब अपने अंतिम अध्याय की ओर बढ़ रही है। पैनोरमा स्टूडियोज़ और ज़ी स्टूडियोज़ ने बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘दृश्यम: द कन्क्लूज़न’ की ओवरसीज थिएट्रिकल डिस्ट्रीब्यूशन के लिए हाथ मिलाया है। अजय देवगन स्टारर और अभिषेक पाठक द्वारा निर्देशित यह फिल्म 2 अक्टूबर, 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
2 अक्टूबर, पाव भाजी और सत्संग की विजिट- ‘दृश्यम’ से जुड़े ये रेफरेंस आज पॉपुलर कल्चर का हिस्सा बन चुके हैं। फिल्म की कहानी, इसके किरदार और खास तौर पर विजय सालगांवकर का परिवार दर्शकों के बीच अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अब जब यह आइकॉनिक फ्रेंचाइजी अपने निष्कर्ष की ओर बढ़ रही है, पैनोरमा स्टूडियोज़ और ज़ी स्टूडियोज़ मिलकर इसके अंतिम अध्याय को इंटरनेशनल ऑडियंस तक पहुँचाने की जिम्मेदारी संभालेंगे।
‘दृश्यम: द कन्क्लूज़न’ फ्रेंचाइजी को एक बिल्कुल नई कहानी, नए चैप्टर और नए स्क्रीनप्ले के साथ आगे बढ़ाती है। अजय देवगन एक बार फिर विजय सालगांवकर के किरदार में लौट रहे हैं, जिसकी बेहद सावधानी से संभाली गई दुनिया एक बार फिर अनिश्चितता के घेरे में आ जाती है। वहीं जयदीप अहलावत फ्रेंचाइजी में राजवीर सिंह तोमर के रूप में एंट्री कर रहे हैं, जो एक ऐसे केस को सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं जिसे क्रैक करना लगभग नामुमकिन नजर आता है।
फिल्म में प्रकाश राज भी एक महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएँगे, जबकि तब्बू, श्रिया सरन और रजत कपूर अपने किरदारों में वापसी कर रहे हैं। कहानी एक ऐसी दुनिया में आगे बढ़ती है, जहाँ बीता हुआ कल बार-बार सामने आता है और विजय सालगांवकर का परिवार एक बार फिर मुश्किलों के बीच घिरता नजर आएगा।
पैनोरमा स्टूडियोज़ और ज़ी स्टूडियोज़ की यह साझेदारी दोनों स्टूडियोज की विशेषज्ञता को एक साथ लेकर आती है। जहाँ पैनोरमा स्टूडियोज़ ने भारतीय सिनेमा की सफल फ्रेंचाइजी को तैयार करने और दर्शकों से जोड़ने में अपनी पहचान बनाई है, वहीं ज़ी स्टूडियोज़ के पास इंटरनेशनल मार्केट में भारतीय फिल्मों को पहुँचाने का व्यापक अनुभव है। दोनों का लक्ष्य ‘दृश्यम: द कन्क्लूज़न’ की थिएट्रिकल पहुँच को ग्लोबल स्तर पर बढ़ाना और भारतीय सिनेमा की मजबूत होती अंतर्राष्ट्रीय मौजूदगी को और विस्तार देना है।
फिल्म के प्रोड्यूसर कुमार मंगत पाठक ने कहा, “दृश्यम हमेशा से ऐसी कहानी रही है जिसमें एक आम परिवार अपने परिवार को बचाने के लिए असाधारण हद तक जाने को तैयार होता है। पिछले कुछ वर्षों में विजय सालगांवकर एक ऐसा किरदार बन गए हैं, जिससे दर्शकों ने गहराई से जुड़ाव महसूस किया है। उनकी कहानी को उसके निष्कर्ष तक ले जाना हमारे लिए उत्साह के साथ-साथ एक भावुक पल भी है। यह फ्रेंचाइजी अलग-अलग भाषाओं और सीमाओं को पार कर पाई क्योंकि इसकी जड़ें एक बेहद मानवीय कहानी में हैं। हमें खुशी है कि विदेशों में रहने वाले दर्शक भी इस अंतिम अध्याय को सिनेमाघरों में देख पाएंगे और जान पाएंगे कि विजय की कहानी आखिर किस मोड़ पर पहुंचती है।”
फिल्म के डायरेक्टर और प्रोड्यूसर अभिषेक पाठक ने कहा, “दृश्यम: द कन्क्लूज़न के साथ हमारी जिम्मेदारी थी कि जिस कहानी और किरदारों से दर्शक पहले से गहराई से जुड़े हुए हैं, उन्हें ऐसा अंत दिया जाए, जो इस पूरे सफर के साथ न्याय करे। विजय सालगांवकर की दुनिया हमेशा तनाव, भावनाओं और परिवार को बचाने की उसकी इंस्टिंक्ट से चलती रही है और यह नया चैप्टर इन सभी पहलुओं को एक ऐसी दिशा में लेकर जाता है जिसे दर्शकों ने पहले नहीं देखा है। इस फिल्म के लिए थिएट्रिकल अनुभव बेहद महत्वपूर्ण है और हम दुनिया भर के दर्शकों को एक बार फिर इस यूनिवर्स में वापस लाने और आगे क्या होता है, यह दिखाने के लिए उत्साहित हैं।”
ज़ी स्टूडियोज़ के प्रवक्ता ने कहा, “ज़ी स्टूडियोज़ में कहानी कहना हमारे काम का केंद्र रहा है और दृश्यम: द कन्क्लूज़न के साथ हमारा जुड़ाव उन कहानियों में हमारे विश्वास को दर्शाता है जो लंबे समय तक दर्शकों और संस्कृति के साथ जुड़ी रहती हैं। इस फ्रेंचाइजी ने दिखाया है कि एक मजबूत और भारतीय जड़ों से जुड़ी कहानी किस तरह अलग-अलग मार्केट्स के दर्शकों तक पहुंच सकती है। हमें गर्व है कि हम इसके अंतिम अध्याय को दुनिया भर के दर्शकों तक लेकर जा रहे हैं। फ्रेंचाइजी के इस बहुप्रतीक्षित निष्कर्ष के साथ हम अपनी इंटरनेशनल डिस्ट्रीब्यूशन क्षमता के जरिए इसकी थिएट्रिकल पहुंच को बढ़ाने और ग्लोबल मार्केट में भारतीय कंटेंट के लिए नए अवसर तैयार करने को लेकर उत्साहित हैं।”
स्टार स्टूडियो18 द्वारा प्रस्तुत, पैनोरमा स्टूडियोज़ की इस फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। फिल्म की कहानी और स्क्रीनप्ले अभिषेक पाठक, आमिल कीयान खान और परवेज शेख ने लिखा है। फिल्म के निर्माता आलोक जैन, अजीत अंधारे, कुमार मंगत पाठक और अभिषेक पाठक हैं।
‘दृश्यम: द कन्क्लूज़न’ 2 अक्टूबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। पैनोरमा स्टूडियोज़ और ज़ी स्टूडियोज़ की यह साझेदारी भारतीय सिनेमा की ऐसी कहानियों को ग्लोबल ऑडियंस तक पहुँचाने की दिशा में एक और कदम है। ‘दृश्यम’ जैसी भारतीय जड़ों से जुड़ी फ्रेंचाइजी के अंतिम अध्याय को अब अंतर्राष्ट्रीय दर्शक भी बड़े पर्दे पर देख सकेंगे।



