विश्व विजेता बेटी ऋचा के स्वागत की तैयारी में सिलीगुड़ी के मेयर गौतम देव भव्य सम्मान समारोह का नेतृत्व करेंगे।
अजित प्रसाद / सिलीगुड़ी विश्व विजेता बनकर स्वदेश लौट रही सिलीगुड़ी की बेटी ऋचा का कल राजकीय सम्मान के साथ स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर भव्य समारोह की तैयारियाँ शहर में ज़ोरों पर हैं।
मेयर गौतम देव ने कहा कि वे स्वयं कल सुबह बागडोगरा हवाई अड्डे पर सभी पार्षदों, गणमान्य नागरिकों, व्यापार संघों, खेल जगत के प्रतिनिधियों और आम लोगों के साथ मौजूद रहेंगे, जहाँ ऋचा का भव्य स्वागत किया जाएगा।
मेयर गौतम देव, उप-मेयर रंजन सरकार और चेयरमैन प्रतुल चक्रवर्ती ने इस सम्मान समारोह की तैयारी को लेकर दीनबंधु मंच पर सभी संबंधित अधिकारियों, विपक्षी पार्षदों, पुलिस प्रशासन, व्यापारियों और खेल जगत के लोगों के साथ बैठक की।
बैठक के बाद मेयर ने कहा,
“समय बहुत कम है, लेकिन रात भर काम चलता रहेगा। पूरे सम्मान समारोह की तैयारियाँ पूरी कर ली जाएँगी।”
उन्होंने यह भी बताया कि ऋचा को हवाई अड्डे से एक खुली जीप में उनके घर तक लाया जाएगा, जिसमें पायलट वाहन के साथ एक जुलूस निकाला जाएगा। वहाँ से बाघाजतिन मैदान तक का पूरा रास्ता लाल कालीन से ढका होगा, और उसी रास्ते से ऋचा को पैदल मुख्य मंच तक लाया जाएगा।



