मालदा: अनियंत्रित कार घर में घुसने से घायल 6 वर्षीय बच्चे की मौत,
* इलाके में बवाल—टायर जलाकर सड़क अवरोध, पुलिस वाहन पर हमला
अजित प्रसाद /मालदा :मालदा जिले के इंग्लिशबाज़ार थाना क्षेत्र के कोतूआली के मिलिक आरापुर इलाके में गुरुवार रात भारी तनाव देखा गया. छह वर्ष के एक बच्चे की इलाज के दौरान मौत हो जाने के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क पर उग्र विरोध प्रदर्शन किया.
घटना के अनुसार, एक अनियंत्रित कार सड़क किनारे घर में घुस गई थी, जिसमें गंभीर रूप से घायल हुए बच्चे की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इसके बाद ग्रामवासी सड़क पर उतर आए और टायर जलाकर सड़क अवरुद्ध कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन उत्तेजित भीड़ ने पुलिस वाहन पर हमला कर दिया। खबर है कि भीड़ ने पुलिस की गाड़ी में तोड़फोड़ कर उसे उलट भी दिया।
स्थिति बिगड़ते देख भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और हालात पर काबू पाने के लिए आंसू गैस के गोले दागे गए। इसके बाद परिस्थिति नियंत्रित होने की खबर है।


