शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी श्रीमती संदीप कौर, निदेशक महिला कल्याण उ०प्र० ने डीएम के साथ जनपद में संचालित विकास कार्यों और योजनाओं का किया गहन निरीक्षण

बलवान सिंह* ब्यूरो चीफ बाराबंकी* बाराबंकी, 24 मई ।* शासन द्वारा जनपद में संचालित विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत जानने हेतु नामित नोडल अधिकारी श्रीमती संदीप कौर, निदेशक महिला कल्याण उत्तर प्रदेश ने जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी व मुख्य विकास अधिकारी अन्ना सुदन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जनपद के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।

निरीक्षण का आरंभ निबलेट फॉर्म स्थित बृहद गौ आश्रय स्थल से हुआ, जहाँ नोडल अधिकारी ने पूरे परिसर का विस्तार से अवलोकन किया। जिलाधिकारी ने अवगत कराया कि यह आश्रय स्थल लगभग 10 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला हुआ है, जहाँ वर्तमान में 130 नर एवं 412 मादा गौवंश संरक्षित हैं। इस अवसर पर नोडल अधिकारी ने मा0 मुख्यमंत्री सहभागिता योजना के अंतर्गत “सैम मैम” श्रेणी के बच्चों के परिवारों को दिए जा रहे दुधारू गायों के वितरण की जानकारी प्राप्त की।
जिलाधिकारी द्वारा बताया गया कि जनपद में अब तक कुल 4500 दुधारू गायों का वितरण किया जा चुका है, जिनमें से 150 गायें विशेष रूप से सैम मैम श्रेणी के बच्चों के परिवारों को दी गई हैं, जिससे इन परिवारों को स्थायी आजीविका की दिशा में एक महत्वपूर्ण साधन प्राप्त हुआ है। इस अवसर पर नोडल अधिकारी ने इस योजना से आच्छादित लाभार्थियों से पैसे के भुगतान आदि के बारे में फीडबैक भी लिया। निरीक्षण के दौरान नोडल अधिकारी ने आश्रय स्थल में स्थित भूसा संग्रहण स्थल, साइलेज की उपलब्धता, बीमार एवं दुर्बल गौवंश के लिए बनाए गए शेड तथा तालाब सहित सम्पूर्ण परिसर का पैदल भ्रमण किया। उन्होंने यह सुझाव दिया कि चूंकि यह क्षेत्र ऊसर भूमि है, अतः मृदा उपचार के माध्यम से इसे उपजाऊ बनाकर हरे चारे की खेती की जा सकती है, जिससे आश्रय स्थल की खाद्य आवश्यकताओं की पूर्ति अपने स्तर पर की जा सकेगी। अंत में नोडल अधिकारी, जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी द्वारा परिसर में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक पहल करते हुए पीपल, पाकड़ तथा बरगद के पौधे रोपित किए गए। इस अवसर पर तैयार की जा रही वर्मी कंपोस्ट खाद के विषय में भी जानकारी ली गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

नोडल अधिकारी द्वारा विकास खंड बंकी की ग्राम पंचायत शुक्लाई में जल जीवन मिशन के अंतर्गत 348.32 लाख रुपये की लागत से निर्मित पानी की टंकी तथा उससे जुड़ी पेयजल आपूर्ति प्रणाली का स्थलीय निरीक्षण किया गया। उन्होंने पानी की गुणवत्ता एवं वितरण व्यवस्था का अवलोकन किया। उपस्थित ग्रामवासियों से संवाद करते हुए उन्होंने योजना की उपयोगिता और पानी सप्लाई की स्थिति एवं योजना के दौरान खोदी गई सड़कों की मरम्मत के कार्यो आदि के बारे में जानकारी ली। ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में गांव में तीन बार सुबह, दोपहर और शाम दो-दो घंटे की अवधि के लिए नियमित पेयजल आपूर्ति की जा रही है, जिससे ग्रामीणों के जीवन में स्पष्ट रूप से सुधार आया है। इस दौरान उन्होंने शासन द्वारा संचालित निराश्रित महिला पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी पात्र लाभार्थियों का समयबद्ध के0वाई0सी0 कराते हुए उन्हें योजनाओं का लाभ सुनिश्चित कराया जाए।

नगर के जगनेहटा क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत उत्तर प्रदेश आवास विकास परिषद द्वारा गरीब एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के शहरी नागरिकों के लिए बनाए जा रहे 288 बहुमंजिला आवासों का निरीक्षण किया गया। नोडल अधिकारी ने निर्माण की गुणवत्ता, भवनों की प्रगति एवं नियोजित समय सीमा का गहन परीक्षण किया तथा निर्माण कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण रूप से पूर्ण किए जाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश अधिकारियों को दिए। निरीक्षण उपरांत नोडल अधिकारी ने जनपद में संचालित योजनाओं की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार की जनहितकारी योजनाएं यदि इस प्रकार प्रभावी ढंग से जमीनी स्तर पर क्रियान्वित होती रहीं, तो निश्चित ही इसका व्यापक लाभ आम जन तक पहुंचेगा।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह, परियोजना निदेशक, उप जिलाधिकारी नवाबगंज आनंद कुमार तिवारी, तहसीलदार भूपेंद्र विक्रम सिंह सहित संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button