एक धमाका 6 घर हो गए राख, मची चीख.पुकार

-चार लोग झुलसे, दो की हालत गंभीर

भारत पोस्ट संवाददाता
शिवहर। तरियानी छपरा के छपरा सिरहा टोला में सिलेंडर ब्लास्ट के बाद लगी आग ने छह घरों को राख कर दिया है। चार लोग झुलसे हैं और दो की हालत गंभीर बनी हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक घर में अचानक गैस सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद आग की लपटें तेजी से आसपास के घरों तक पहुंच गईं। देखते ही देखते कई घर आग की चपेट में आ गए और गांव में चीख.पुकार मच गई। ग्रामीणों ने अपनी जान जोखिम में डालकर घरों में फंसे लोगों को बाहर निकाला और तुरंत अग्निशमन विभाग व पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। ग्रामीणों की मदद से काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक छह घर पूरी तरह जल चुके थे। अगलगी में घरों में रखा अनाज, कपड़े, फर्नीचर, बर्तन, नकदी समेत लाखों रुपये की संपत्ति जलकर नष्ट हो गई। प्रभावित परिवारों के सामने अब रहने और खाने की भी समस्या खड़ी हो गई है।
हादसे में झुलसे चार लोगों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार दो घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही तरियानी छपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गई। पुलिस ने ग्रामीणों के सहयोग से स्थिति को नियंत्रित कराया और आग बुझाने में फायर ब्रिगेड की मदद की. फिलहाल प्रशासन आग लगने के कारणों की जांच कर रहा है। वहीं प्रभावित परिवारों ने सरकार से मुआवजा और तत्काल राहत देने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button