आईपीएल और यूपीएल की साझेदारी से गुजरात में टिकाऊ गन्ना खेती को मिलेगा बढ़ावा
नई दिल्ली। इंडियन पोटाश लिमिटेड (आईपीएल) और यूपीएल सस्टेनेबल एग्री सॉल्यूशंस लिमिटेड (यूपीएल एसएएस) ने गुजरात के कोडीनार क्षेत्र में गन्ना उत्पादन बढ़ाने और टिकाऊ खेती को बढ़ावा देने के लिए आपस में तीन वर्ष का समझौता किया है।
इस पहल के माध्यम से लगभग 2,000 एकड़ क्षेत्र में खोई हुई क्षमता को फिर से बहाल करने जैसी रेजेनरेटिव कृषि, उन्नत कृषि तकनीकों, पोषण प्रबंधन, फसल सुरक्षा और डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा दिया जाएगा। कार्यक्रम का लक्ष्य गन्ने की उत्पादकता में कम से कम 15 प्रतिशत वृद्धि करना है।
परियोजना के तहत किसानों को प्रशिक्षण, एक-से-एक परामर्श, प्रदर्शन प्लॉट, फील्ड डे और आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही ‘नेचर डॉट फार्म’ डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से किसानों का पंजीकरण, निगरानी और प्रभाव आकलन किया जाएगा।
आईपीएल के मुख्य कृषि वैज्ञानिक डॉ. यू. एस. तेवतिया ने कहा कि यह साझेदारी गन्ने की उत्पादकता बढ़ाने, किसानों की आय में सुधार और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। वहीं, यूपीएल एसएएस के सस्टेनेबिलिटी प्रमुख हर्षल सोनावणे ने कहा कि यह पहल विज्ञान आधारित कृषि, डिजिटल तकनीक और किसान-केंद्रित समाधानों के जरिए अधिक लाभकारी और जलवायु-अनुकूल गन्ना मूल्य श्रृंखला विकसित करने की दिशा में अहम कदम है। इस साझेदारी से गन्ने की उपलब्धता बढ़ने, संसाधनों की बचत, ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन में कमी और किसानों की आय में वृद्धि होने की उम्मीद है।

