बांकीपुर उपचुनाव से पहले बढ़ी सियासी हलचल जन सुराज के कई बड़े चेहरे बीजेपी में शामिल
भारत पोस्ट संवाददाता
पटना। बिहार की राजनीति में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव से पहले बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज को झटका लगा है। पार्टी के कई बड़े नेता और कार्यकर्ताओं ने भारतीय जनता पार्टी ;बीजेपी की सदस्यता ले ली है। इस घटनाक्रम को बिहार की सियासत में अहम माना जा रहा है।
पटना स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने नए सदस्यों का अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया। कार्यक्रम में बीजेपी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। दीघा के विधायक संजीव चौरसिया भी इस मौके पर उपस्थित थे।
बीजेपी में शामिल होने वालों में सबसे चर्चित नाम दीघा विधानसभा सीट से जन सुराज के पूर्व प्रत्याशी रहे बिट्टू सिंह का है। उनके साथ उनकी पत्नी विनीता बिट्टू सिंह ने भी बीजेपी की सदस्यता ग्रहण की। विनीता बिट्टू सिंह पहले मेयर का चुनाव भी लड़ चुकी हैं। इसके अलावा कुम्हरार विधानसभा सीट से जन सुराज के पूर्व प्रत्याशी और शिक्षक केसी सिन्हा ने भी बीजेपी का दामन थाम लिया है। वहीं मनेर विधानसभा सीट से जन सुराज के पूर्व प्रत्याशी रहे गोपाल सिंह भी बीजेपी में शामिल हो गए। इन नेताओं के साथ बड़ी संख्या में समर्थकों और कार्यकर्ताओं ने भी पार्टी की सदस्यता ली।
बीजेपी में शामिल होने के बाद बिट्टू सिंह और गोपाल सिंह ने अपने फैसले को घर वापसी बताया। उन्होंने कहा कि अब उनका राजनीतिक सफर बीजेपी के साथ ही रहेगा। उन्होंने कहा कि घर वापसी हुई है। अब यहीं जीना और मरना है। वहीं कुम्हरार के पूर्व प्रत्याशी केसी सिन्हा ने कहा कि उन्होंने राष्ट्रहित को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रहित में मैंने यह फैसला लिया है। केंद्र को मजबूत करना है।
यह पूरा घटनाक्रम ऐसे समय में हुआ है। जब पटना की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव होने वाला है। ऐसे मौके पर जन सुराज के कई सक्रिय नेताओं का बीजेपी में जाना राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। खासकर दीघा, कुम्हरार और मनेर जैसे इलाकों से जुड़े नेताओं के दल बदलने से सियासी चर्चा तेज हो गई है।



