देशभर में गरीब, मजदूर, किसान और नौजवानों की आवाज को राहुल गांधी ने किया बुलंद: राजेश राम
खातोपुर राजाडुमरी के पास आयोजित कांग्रेस के अतिपिछड़ा अधिकार सम्मेलन में उमड़ा जन सैलाब
राजेश कुमार हजारों समर्थकों के संग कांग्रेस में हुए शामिल, नेताओं ने राहुल गांधी की विचारधारा को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। कांग्रेस पार्टी के बैनर तले रविवार को खातोपुर राजा डुमरी स्थित आयोजित अतिपिछड़ा अधिकार सम्मेलन ने जिले की राजनीति को नई दिशा दे दी है। सम्मेलन में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम और पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. शकील अहमद ने पार्टी की नीतियों और कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी की विचारधारा पर विस्तार से प्रकाश डाला।
प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ और ‘भारत न्याय यात्रा’ के जरिए देशभर में गरीब, मजदूर, किसान और नौजवानों की आवाज को बुलंद किया है। उनकी सोच है कि देश के हर वर्ग और हर सम्प्रदाय को जोड़ने की जरूरत है, तोड़ने की नहीं।भारत धर्म निरपेक्ष राहों पर सदैव चली है। कांग्रेस हमेशा से दलित, अतिपिछड़ा और वंचित समाज की आवाज रही है और आगे भी उनके हक के लिए संघर्ष करती रहेगी। सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस विधायक दल के नेता डा. शकील अहमद ने कहा कि राहुल गांधी केवल एक राजनीतिक नेता नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और भाईचारे के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि नफरत की राजनीति देश को कमजोर करती है, जबकि मोहब्बत और भाईचारे की राजनीति से देश मजबूत बनता है।
कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी की इसी विचारधारा पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज किसान कर्ज से दबे हैं, नौजवान बेरोजगार हैं और गरीब महंगाई से त्रस्त है। कांग्रेस ही वह पार्टी है जो सबको साथ लेकर चल सकती है और हर वर्ग को न्याय दिला सकती है।सम्मेलन का सबसे आकर्षक क्षण तब आया जब मुखिया प्रतिनिधि राजेश कुमार को जिला अध्यक्ष अभय कुमार सिंह (सार्जन) ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई। जैसे ही राजेश कुमार ने कांग्रेस का दुपट्टा ओढ़ा, पूरा मैदान तालियों और नारों से गूंज उठा।कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद और राजेश कुमार मुखिया जिंदाबाद के नारों से वातावरण कांग्रेसमय हो गया। मुखिया राजेश कुमार ने सदस्यता ग्रहण करते हुए कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जो हर वर्ग का सम्मान करती है। उन्होंने भरोसा जताया कि पार्टी के साथ जुड़कर वे अंतिम पंक्ति के व्यक्ति की आवाज को बुलंद करेंगे और बेगूसराय में कांग्रेस को नई ऊँचाई देंगे। जिला अध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने उनके स्वागत में कहा कि राजेश कुमार के जुड़ने से कांग्रेस को गाँव-गाँव तक मजबूती मिलेगी और हजारों समर्थकों की मौजूदगी इस बात का प्रमाण है कि आने वाले चुनाव में कांग्रेस को बड़ा लाभ होगा।सम्मेलन में सुबह से ही जनसमूह उमड़ पड़ा था। कार्यकर्ताओं की टोली नारे लगाते हुए उत्साह बढ़ा रही थी। भीड़ में महिलाएँ, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में शामिल थे। पूरे सम्मेलन स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जोश देखने लायक था। कार्यक्रम के अंत में नेताओं ने एकजुट होकर कांग्रेस को सशक्त बनाने और आने वाले विधानसभा चुनाव में पूरे दमखम से उतरने का संकल्प लिया। भीड़ का उत्साह इस बात का प्रमाण था कि जिले की राजनीति में कांग्रेस अब एक बार फिर मजबूती से खड़ी हो रही है। कार्यक्रम की शुरुआत कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम, डा शकील अहमद ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। आगन्तुक अतिथियों को मुखिया राजेश कुमार ने बुके एवं अंगवस्त्र भेंटकर उनका स्वागत किया। सम्मेलन का संचालन रामकुमार राय ने किया। सभा का सम्बोधन राष्ट्रीय सचिव सुनील पासी, शिवकुमार गरीब दास, मुखिया महेश राय, रवि कुमार, विजय पासवान, मिथिलेश पासवान ने सम्बोधित किया। मंच पर पूर्व विधायक अमिता भूषण समेत दर्जनों कांग्रेसी नेता उपस्थित थे।



