कानपुर में कार से मौत बनकर दौड़ा रईसजादे का बेटा, पांच घायल
सुनील बाजपेई
कानपुर। यहां एक रईसजादे के बेटे ने तेज रफ्तार से कार चलाकर पांच लोगों को अस्पताल पहुंचा दिया ,जिनमें दो की हालत गंभीर बताई गई है। घटना के बाद सक्रिय पुलिस ने कार बरामद करने के साथ ही उसके चालक को भी पकड़ लिया। इस दौरान गुस्साए लोगों ने तोड़फोड़ और मारपीट भी की।
घटना की शुरुआत मूलगंज थाना क्षेत्र से हुई, जहां एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। लोगों ने पीछा किया तो बचने की कोशिश में चालक घंटाघर की ओर भाग निकला। इस दौरान कई वाहनों में टक्कर मारते हुए कार सुतरखाने वाली रोड पर एक अंडे के ठेले से टकराकर रुक गई।
प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का रिम तक टूट गया। घटना से गुस्साए लोगों ने चालक को लाठी-डंडों से जमकर पीट दिया। कार में भी तोड़फोड़ की। पुलिस ने चालक व घायल राहगीरों को अस्पताल में भर्ती कराया है। कार चालक के रूप में पकड़ा गया युवक शहर के धनवान का बेटा बताया गया है लेकिन पुलिस ने इस बात की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस के मुताबिक तेज रफ्तार एमजी की विंडसर कार दो वाहन सवारों को टक्कर मारते हुए निकल गई। राहगीरों ने कार का पीछा किया तो बचने की कोशिश में चालक तेजी से कार को भगाते हुए कलक्टरगंज की ओर ले गया। यहां पर कुछ लोगों को टक्कर मारते हुए घंटाघर की ओर भाग निकला। घंटाघर से सुतरखाने वाली रोड पर अंडे के ठेले में टक्कर मारने के बाद रिम टूटने की वजह से कार रुक गई। कार के रुकते ही लोगों ने चालक के साथ मारपीट कर दी। लोगों के मुताबिक कार चालक नशे में था। पुलिस ने बताया कि मामले में घायलों को अस्पताल में भर्ती करने के साथ ही आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



