झारखंड में सड़क हादसों का कहर: 24 घंटे में आठ की मौ**त, कई घायल
अजित प्रसाद,*रांची :* झारखंड में पिछले 24 घंटों के भीतर अलग-अलग इलाकों में हुई सड़क दुर्घटनाओं में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने शुक्रवार को इस संबंध में जानकारी दी।
पहली बड़ी दुर्घटना साहिबगंज जिले के बरहेट-बड़हरवा मुख्य मार्ग पर हुई, जहां एक ऑटोरिक्शा और तेल टैंकर के बीच आमने-सामने की टक्कर में एक स्कूली छात्रा समेत चार लोगों की मौत हो गई।
बड़हरवा के एसडीपीओ नितिन खंडेलवाल ने बताया कि मृतकों की पहचान समरा साह (30), रंदानी सोरेन (30), छात्रा शांति हेम्ब्रम (6) और ऑटोरिक्शा चालक अमल कुमार के रूप में की गई है।
उन्होंने बताया कि तेल टैंकर चालक दुर्घटना के बाद वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घायलों को रांगा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
दूसरी घटना पलामू जिले के डुमरी गांव में हुई, जहां एक मोटरसाइकिल के फिसल जाने से दो लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।
लेसलीगंज के एसडीपीओ मनोज कुमार झा ने बताया कि मृतकों की पहचान मनोज तुरी (26) और प्रेम भारती (25) के रूप में हुई है।
तीसरी घटना रांची के बिरसा चौक के पास हुई, जहां एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार विवेक कुमार तिर्की (26) की मौत हो गई।
जगन्नाथपुर थाना प्रभारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि यह हादसा देर रात पेट्रोल पंप के निकट हुआ।
वहीं, गोड्डा जिले के पोरैयाहाट थाना क्षेत्र में एक कार और ट्रक की भिड़ंत में 27 वर्षीय निरंजन मिर्धा की मौत हो गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
गोड्डा के डीएसपी जेपीएन चौधरी ने बताया कि कार में तीन लोग सवार थे, जिनमें तीसरा व्यक्ति बाल-बाल बच गया।


