समर्पित कांग्रेसजनों का दिल्ली कूच, 8 सितंबर को आलाकमान के सामने रखेंगे बिहार कांग्रेस की बदहाली का मुद्दा

सैकड़ों कांग्रेसजन धरना-प्रदर्शन में होंगे शामिल, राहुल गांधी से मुलाकात समेत चार प्रमुख मांगें

 

अजित प्रसाद/पटना : बिहार कांग्रेस की मौजूदा स्थिति और संगठन में सुधार की मांग को लेकर समर्पित कांग्रेसजनों ने अब दिल्ली कूच करने का निर्णय लिया है। आठ सितंबर को कांग्रेस मुख्यालय के समक्ष धरना-प्रदर्शन कर पार्टी आलाकमान के सामने बिहार कांग्रेस से जुड़े मुद्दों को रखा जाएगा। आयोजकों का दावा है कि बिहार के विभिन्न जिलों से सैकड़ों कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता दिल्ली पहुंचेंगे।

स्थानीय होटल सम्राट में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में एआईसीसी सदस्य आनंद माधव ने कहा कि बिहार कांग्रेस में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए गए, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। उन्होंने कहा कि पार्टी की स्थिति लगातार चिंताजनक होती जा रही है। ऐसे में आलाकमान को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए, अन्यथा काफी देर हो जाएगी।

आनंद माधव ने आरोप लगाया कि सदाकत आश्रम, जिसे कांग्रेसजन अपना मंदिर मानते हैं, वहां दूसरे दलों के लोगों और अराजक तत्वों का जमावड़ा हो गया है। इससे पार्टी के समर्पित कार्यकर्ताओं में असंतोष है। उन्होंने कहा कि उनका विरोध कांग्रेस से नहीं, बल्कि बिहार में पार्टी की मौजूदा व्यवस्था और कार्यशैली से है।

समर्पित कांग्रेसजनों की प्रमुख मांगों में राहुल गांधी से मुलाकात का समय देना, जिन कांग्रेसजनों को नोटिस या निष्कासन संबंधी पत्र जारी किए गए हैं उन्हें तत्काल वापस लेना, बिहार कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रभारी एवं प्रदेश अध्यक्ष को पदमुक्त करना तथा संगठन में पदों के वितरण में सामाजिक न्याय सुनिश्चित करना शामिल है।

आनंद माधव ने संगठन सृजन के नाम पर बाहरी लोगों को पद दिए जाने के आरोपों की जांच कराने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि समर्पित कांग्रेसजन पार्टी को बचाने और संगठन को मजबूत करने के लिए अपनी आवाज उठा रहे हैं।

संवाददाता सम्मेलन में पूर्व विधायक अनिल सिंह, छत्रपति यादव, पूर्व प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष जमाल अहमद भल्लू, पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष राज कुमार राजन, नागेंद्र पासवान विकल और पूर्व प्रदेश कांग्रेस सचिव वसी अख्तर समेत अन्य नेता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button