बेटे ने पीट.पीटकर की पिता की हत्या

-बकरी बांधने को लेकर हुआ था विवाद

भारत पोस्ट संवाददाता
कैमूर। कैमूर जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव में घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि बेटे ने लाठी.डंडे से हमला कर अपने पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मामला चैनपुर थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव के बडघटा टोला का है। परिजनों के अनुसार मृतक चूल्हन बिंद ने घर के गलियारे में बंधी बकरी को हटाने के लिए कहा था। उनका कहना था कि बकरी की वजह से आने.जाने में परेशानी हो रही थी। इसी बात को लेकर पिता और पुत्र के बीच विवाद शुरू हो गया।
मृतक के छोटे पुत्र जितेंद्र कुमार बिंद ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान उसके मझले भाई सोनू बिंद ने लाठी.डंडे से पिता पर हमला कर दिया। हमले में चूल्हन बिंद गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजन घायल चूल्हन बिंद को चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भभुआ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उन्हें वाराणसी के हायर सेंटर भेजा, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद चैनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भभुआ सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक के छोटे पुत्र जितेंद्र कुमार बिंद ने आरोपी भाई की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले में सख्त कार्रवाई करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button