योगी ने दी चित्रकुट को करोड़ों की सौगात

-पहाड़ी चोटी पर बना देश का पहला एयरपोर्ट

भारत पोस्ट संवाददाता
चित्रकूट। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बहुत जल्द नए एयरक्राफ्ट आने के साथ ही चित्रकूट को दिल्ली व लखनऊ से सीधी वायु सेवा से जोड़ दिया जाएगा। वर्ष 2017 से पहले की सरकारों ने चित्रकूट के सामने पहचान का संकट खड़ा कर दिया था। यहां भय व अव्यवस्था का माहौल था, लेकिन डबल इंजन सरकार के प्रयासों से चित्रकूट बदल चुका है। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे यहां की लाइफलाइन बन चुका है और भरतकूप से आगे के निर्माण कार्य को युद्ध स्तर पर आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री बुधवार को जनपद चित्रकूट में 951 करोड़ की लागत वाली 124 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करने के उपरांत जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने चित्रकूट को भारत की पौराणिक और आध्यात्मिक विरासत का महान प्रतीक बताया। इसके साथ ही कहा कि प्रभु श्रीराम के वनवास काल का सबसे बड़ा संबल यही पावन धरा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हजारों वर्ष पहले भगवान राम ने इसी धरा से संपूर्ण भारत को सुरक्षित करने का संकल्प लिया था। उसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए चित्रकूट में डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग कॉरिडोर का काम तेजी से चल रहा है। जहां जल्द ही एक बड़ी औद्योगिक यूनिट का निवेश होने जा रहा है। मुख्यमंत्री ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में कल इंडोनेशिया के साथ हुए समझौते के तहत उत्तर प्रदेश में बनने वाली ब्रह्मोस मिसाइल अब निर्यात की जाएगी, जो रक्षा क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता को दर्शाती है। इसके साथ ही जगद्गुरु रामभद्राचार्य दिव्यांग विश्वविद्यालय को राज्य विश्वविद्यालय का दर्जा देकर शिक्षा और विकास को नई गति दी गई है। शस्त्र व शास्त्र संधान का कोई क्षेत्र बनेगा तो वह चित्रकूट ही होगा। सीएम ने चित्रकूट इंटर कॉलेज के प्रबंधन और वहां पढ़ रहे 7,000 से अधिक छात्र.छात्राओं की सराहना करते हुए कहा कि यही युवा ‘विकसित’, चित्रकूट और ‘विकसित’, भारत 2047 की आधारशिला बनेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग तक विकास पहुंचा रही है। प्रदेश में 9.5 लाख नौजवानों को पूरी पारदर्शिता से सरकारी नौकरियां दी गई हैं। गरीबों को मुफ्त राशन, आवास, शौचालय, बिजली कनेक्शन, रसोई गैस और ₹5 लाख तक का आयुष्मान स्वास्थ्य कवच दिया जा रहा है। चित्रकूट में आध्यात्मिक टूरिज्म के साथ.साथ रानीपुर टाइगर रिजर्व के माध्यम से इको.टूरिज्म का एक नया केंद्र विकसित किया जा रहा है।
इस अवसर पर लोक निर्माण विभाग राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह, मानिकपुर विधायक अविनाश चंद्र द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य जितेंद्र सिंह सेंगर, डॉ. बाबू लाल तिवारी, पूर्व मंत्री चंद्रिका प्रसाद उपाध्याय, पूर्व सांसद आर. के. सिंह पटेल, भैरव प्रसाद मिश्रा, रमेश चंद्र द्विवेदी, पूर्व विधायक आनंद शुक्ला, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक जाटव, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष नरेंद्र गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष महेंद्र कोटारिया समेत कई नेता व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button