दायरा’ के नए पोस्टर्स में दिखा करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन का दमदार अंदाज
*डीसीपी अजोनी और डीसीपी रमन के किरदारों की भी पहली झलक*
*मुंबई, अगस्त 2026* : ‘दायरा’ के मेकर्स ने करीना कपूर खान और पृथ्वीराज सुकुमारन के सोलो पोस्टर्स जारी किए हैं। इनमें दोनों कलाकार अपने किरदारों डीसीपी अजोनी कोहली और डीसीपी रमन कुमार के रूप में पहली झलक पेश रहे हैं।
करीना कपूर खान डीसीपी अजोनी कोहली के किरदार में काफी दमदार नजर आ रही हैं। उनकी आँखों में गुस्सा और चेहरे पर आत्मविश्वास साफ दिखाई देता है। चलते हुए ट्रक्स के बीच दिखाए गए इस पोस्टर में जल्दबाजी, हलचल और रहस्य का माहौल नजर आता है। वहीं, ‘दायरा’ के लोगो के बीच से गुजरती पुलिस टेप कहानी में एक अलग तरह की सीमा का इशारा करती है।
पृथ्वीराज सुकुमारन, डीसीपी रमन कुमार के किरदार में शांत, लेकिन दमदार अंदाज में नजर आ रहे हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस के बीच बड़े से घास के मैदान में दिखाया गया उनका पोस्टर एक तनाव भरे पल को सामने लाता है। उनका सख्त अंदाज और चेहरे पर दिखता गुस्सा इस बात की ओर इशारा करता है कि उनके किरदार के अंदर काफी कुछ चल रहा है। अब दर्शकों की दिलचस्पी इस बात में है कि आगे उनके किरदार की कहानी किस मोड़ पर जाती है।
नेशनल अवॉर्ड विजेता फिल्ममेकर मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी और सच्ची घटनाओं से प्रेरित ‘दायरा’ की कहानी यश केसवानी, सीमा अग्रवाल और मेघना गुलजार ने लिखी है। यह फिल्म जंगली पिक्चर्स और पेन स्टूडियोज की पहली साथ में की गई फिल्म है। साथ ही, यह मेघना गुलजार और जंगली पिक्चर्स की ‘तलवार’ और ‘राजी’ के बाद तीसरी साझेदारी है।
फिल्म को जंगली पिक्चर्स और डॉ. जयंतिलाल गड़ा (पेन स्टूडियोज) ने निर्मित किया है और इसका डिस्ट्रीब्यूशन पेन मरुधर कर रहा है।
‘दायरा’ 18 सितंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।


