थिएटर से टीवी,वेब सीरीज और सिनेमा तक: जाहिद शाह का कलात्मक सफर
राजू बोहरा / विशेष संवाददाता
मुंबई। मायानगरी मुंबई हमेशा से सपनों को हक़ीक़त में बदलने की ज़मीन रही है। देशभर से अनगिनत कलाकार यहाँ अपने हुनर को पहचान दिलाने आते हैं। इन्हीं सपनों को आँखों में सजाए वर्ष 2002 में दिल्ली के रंगमंच से निकलकर एक युवा कलाकार जाहिद शाह ने मुंबई में कदम रखा—और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा।
जाहिद शाह की रचनात्मक प्रतिभा और कलात्मक दृष्टि ने बहुत जल्द इंडस्ट्री के दिग्गजों का ध्यान खींचा। अभिनय सम्राट स्वर्गीय दिलीप कुमार साहब और सायरा बानो जी ने उन्हें अपने बहुचर्चित टेलीविजन धारावाहिक “अल्लाह मेरी तौबा” में लेखक-निर्देशक के रूप में पहला बड़ा अवसर दिया। वर्ष 2003 में प्रसारित यह सीरियल दर्शकों के बीच बेहद लोकप्रिय हुआ और यहीं से जाहिद शाह के सशक्त रचनात्मक सफर की औपचारिक शुरुआत हुई।
इसके बाद उन्होंने दूरदर्शन और विभिन्न सैटेलाइट चैनलों के लिए कई उल्लेखनीय धारावाहिकों का लेखन व निर्देशन किया। उनके प्रमुख कार्यों में टप टप टोपी टोपी, साइलेंस प्लीज़, जिन्नात, आवाज़ नई अंदाज़ वही, दा मॉर्चरी, जौनपुर, स्क्रैप और रामसे हाउस जैसे चर्चित नाम शामिल हैं।
रंगमंच की गहरी समझ और अभिनय के लंबे अनुभव के चलते, कोरोना काल के बाद जाहिद शाह ने अभिनय के क्षेत्र में भी सशक्त वापसी की। वाचो–डिश टीवी की वेब सीरीज़ “जौनपुर” में उनके द्वारा निभाया गया नकारात्मक किरदार तैय्यब कुरैशी दर्शकों और समीक्षकों दोनों को खासा प्रभावित करने में सफल रहा। इस दमदार अभिनय के लिए उन्हें वर्ष 2023 में हरियाणा के उपमुख्यमंत्री श्री दुष्यंत चौटाला द्वारा बेस्ट नेगेटिव रोल के सम्मान से नवाज़ा गया।
वर्तमान में दूरदर्शन पर प्रसारित हो रहा उनका धारावाहिक “रामसे हाउस” दर्शकों के बीच खासा लोकप्रिय है, जिसका प्रसारण हर रविवार रात 10:30 बजे किया जा रहा है। वहीं, इन दिनों जाहिद शाह अपनी आगामी कॉमेडी फिल्म “चक्कर चवन्नी का” को लेकर भी चर्चा में हैं। अरविंद दीक्षित और रमा दीक्षित द्वारा निर्मित तथा डी. पी. सिंह (देव) के निर्देशन में बनी इस फिल्म में वह एक महा कंजूस दानवीर के हास्यपूर्ण किरदार में नज़र आएंगे।
यह फिल्म 6 फरवरी को पूरे भारत में रिलीज़ होने जा रही है और दर्शकों से भरपूर मनोरंजन का वादा करती है।
लेखन, निर्देशन और अभिनय—तीनों ही क्षेत्रों में समान दक्षता रखने वाले जाहिद शाह आज भारतीय मनोरंजन जगत में एक बहुमुखी प्रतिभा के रूप में अपनी सशक्त और विशिष्ट पहचान बना चुके हैं।

