निगरानी विभाग ने जिला कल्याण पदाधिकारी और नाजिर को रिश्वत लेते रंगे हाथ किया गिरफ्तार
नन्दकिशोर दास
बेगूसराय ब्यूरो। जिले में निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला कल्याण पदाधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल और उनके नाजिर जिवेन्द्र कुमार सिंह को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी समाहरणालय स्थित जिला कल्याण कार्यालय से की गई है। मिली जानकारी के मुताबिक जिला कल्याण पदाधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल पर बिल पास करने के एवज में 10 प्रतिशत रिश्वत मांगने का आरोप है। इस मामले में परिवादी बछवाड़ा निवासी मुकेश राम ने निगरानी विभाग में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि 18 हजार रुपये के ऑफिस सप्लाई बिल को पास करने के लिए लगातार 10 प्रतिशत यानी 1800 रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी। शिकायत की पुष्टि के बाद निगरानी विभाग की टीम ने जाल बिछाया और गुरुवार की शाम जिला कल्याण कार्यालय में 1800 रुपये रिश्वत लेते हुए जिला कल्याण पदाधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल और उनके नाजिर जिवेन्द्र कुमार सिंह को रंगेहाथ पकड़ लिया। निगरानी विभाग के डीएसपी शिव कुमार शाह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।



