चुनाव आते ही बंगाल में आ जाते हैं दुर्योधन-दुशासन”, ममता बनर्जी का अमित शाह पर तीखा पलटवार
अजित प्रसाद,विशेष संवाददाता बांकुड़ा / कोलकाता : आगामी 2026 विधानसभा चुनाव के शंखनाद के साथ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आज बांकुड़ा के बड़जोड़ा स्थित वीरसिंहपुर मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का नाम लिए बिना उन पर जमकर निशाना साधा और ‘घुसपैठ’ से लेकर ‘SIR’ तक के मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरा।”
अमित शाह के कोलकाता दौरे के जवाब में ममता बनर्जी ने कहा, “चुनाव आते ही बंगाल में दुर्योधन और दुशासन आ जाते हैं। हम चाहते तो आपको एक कदम भी बाहर नहीं निकलने देते, लेकिन यह हमारी संस्कृति नहीं है।” उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा, “अगर आपने इस्तीफा नहीं दिया, तो बंगाल की जनता आपको पदच्युत (सत्ता से बाहर) कर देगी।”
अमित शाह द्वारा लगाए गए घुसपैठ के आरोपों को खारिज करते हुए मुख्यमंत्री ने पूछा, “क्या घुसपैठ सिर्फ बंगाल में होती है? कश्मीर में क्या हो रहा है?” उन्होंने पहलगाम में हुए आतंकी हमले का जिक्र करते हुए सवाल किया, “पहलगाम में जब हमला हुआ, तब आप लोग क्या कर रहे थे? असम, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में बंगाली बोलने वालों को परेशान किया जा रहा है। यहाँ तक कि मुझे भी ‘बांग्लादेशी’ कहा जाता है।”
ममता बनर्जी ने SIR (सत्यापन प्रक्रिया) को लेकर केंद्र पर गंभीर आरोप लगाए। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का गलत इस्तेमाल कर लगभग 54 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि SIR के नाम पर बुजुर्गों को केंद्र पर बुलाकर प्रताड़ित किया जा रहा है। ममता बनर्जी ने हुंकार भरते हुए कहा, “यदि एक भी वैध मतदाता का नाम सूची से कटा, तो आंदोलन सिर्फ बंगाल में नहीं, बल्कि दिल्ली की सड़कों पर भी होगा।”
सीमा पर बाड़ लगाने (Fencing) के लिए जमीन न देने के आरोप पर उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह निराधार है। उन्होंने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए राज्य सरकार पर दोष मढ़ रही है।




