कालियाचक में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2 करोड़ रुपये की ‘ब्राउन शुगर’ के साथ 5 तस्कर गिरफ्तार

अजित प्रसाद,मालदा : पश्चिम बंगाल के मालदा जिला अंतर्गत कालियाचक पुलिस ने नशे के काले कारोबार के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। शनिवार रात गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने आम और लीची के बागान में चल रही एक ड्रग्स लैब का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने मौके से 2 किलो 400 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 2 करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, कालियाचक के शेरशाही इलाके के महेशपुर नयाग्राम में एक बागान के भीतर अंधेरे का फायदा उठाकर कुछ लोग कच्चे माल से ब्राउन शुगर तैयार कर रहे थे। पुलिस ने अचानक वहां धावा बोला और मौके से पांच लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:मो. तस्लीम शेख (शेरशाही निवासी)अब्दुल्ला शेख (शेरशाही निवासी)राजीव शेख (शेरशाही निवासी)मोहम्मद ताजेल शेख (शेरशाही निवासी)मुरसलीम शेख (इमामजायगीर निवासी)हालांकि, रात के अंधेरे का फायदा उठाकर गिरोह के कुछ अन्य सदस्य भागने में सफल रहे, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।मालदा के पुलिस अधीक्षक (SP) अभिजीत बंद्योपाध्याय ने बताया कि मणिपुर, झारखंड और बिहार जैसे पड़ोसी राज्यों से नशीले पदार्थों का कच्चा माल मंगवाकर कालियाचक के विभिन्न इलाकों में ब्राउन शुगर तैयार करने का चक्र सक्रिय है।
SP अभिजीत बंद्योपाध्याय के मुख्य बिंदु:पिछले दो महीनों में कम से कम 90 ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है।इस अवधि में 40 किलो से अधिक ब्राउन शुगर जब्त की गई है।पुलिस इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि इस सिंडिकेट के पीछे मुख्य मास्टरमाइंड कौन है और यह माल कहाँ सप्लाई किया जाना था।पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि ड्रग्स के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। गिरफ्तार पांचों आरोपियों को रिमांड की अर्जी के साथ आज मालदा अदालत में पेश किया गया




