लूडो की बाज़ी बनी जानलेवा, खेल के दौरान चली गोली, ऋषभ झा हत्याकांड का पुलिस ने किया खुलासा।
अजित प्रसाद, भागलपुर (बिहार) के पिरपैंती थाना क्षेत्र में लूडो खेलने के दौरान हुई ऋषभ झा की हत्या मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से घटना में प्रयुक्त हथियार, एक खोखा और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव ने प्रेस वार्ता में बताया कि 9 मार्च की शाम ऋषभ झा को गोली मार दी गई थी। गंभीर रूप से घायल ऋषभ को आनन-फानन में इलाज के लिए मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
एसएसपी ने बताया कि जांच के दौरान जो सच्चाई सामने आई वह चौंकाने वाली थी। दरअसल मृतक ऋषभ झा और उसके दोस्त पास के ही एक स्थान पर बैठकर लूडो खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और तभी सौरभ ने अचानक हथियार निकालकर ऋषभ पर गोली चला दी।गोली चलने के बाद सभी दोस्त घबरा गए और मिलकर ऋषभ को अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन हैरानी की बात यह रही कि घटना की सूचना पिरपैंती थाना पुलिस को नहीं दी गई। बाद में जब अस्पताल में इलाज के दौरान ऋषभ की मौत हो गई तब बरारी थाना पुलिस ने इस घटना की सूचना पिरपैंती थाना को दी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि मृतक का दोस्त सौरभ शुरू में पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहा था। उसने पुलिस को बताया था कि वह और ऋषभ बाइक से जा रहे थे तभी नकाबपोश अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। लेकिन जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो सौरभ ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
सौरभ की निशानदेही पर पुलिस ने भानु, प्रीतम, राहुल और दीपक को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी एक साथ बैठकर लूडो खेल रहे थे और उसी दौरान यह खौफनाक वारदात हो गई।फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।




